सांघी निवासी युवक की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सांघी निवासी युवक की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक पुलिस की टीम ने सांघी निवासी बिजेन्द्र की हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। अदालत के आदेश पर आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। 

प्रभारी थाना सदर निरीक्षक सतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को गांव सांघी में बिजेन्द्र को चोट मारे जाने की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू की। बिजेन्द्र के हाथ-पैर व पूरे शरीर पर चोट के निशान मिले। चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी सोनिया की शिकायत के आधार पर जांच में सामने आया कि सोनिया अपने मायके गई हुई थी। 24.07.2024 को सुबह करीब 10 बजे सोनिया के जेठ बलवान ने सूचना दी कि बिजेन्द्र की धर्मबीर की बैठक में हत्या कर दी गई है।

मामले की जांच के दौरान 25.07.2024 को आरोपी सुनील उर्फ भोला निवासी सांघी को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि मृतक बिजेन्द्र ने सुनील उर्फ भोला के पिता पर दराती से हमला किया हुआ है। बिजेन्द्र के भतीजे ने सुनील उर्फ भोला पर चाकू से वार किया था। इसी बात की रंजिश रखते हुये बिजेन्द्र की हत्या कर दी। बिजेन्द्र व सुनील का घर आसपास है। सुनील को पता चला कि उसकी पत्नी मायके गयी हुई है और वह अकेला है। 23.07.2024 की रात को बिजेन्द्र धर्मबीर के साथ धर्मबीर की बैठक मे बैठा हुआ था। सुनील उर्फ भोला भी बैठक में चला गया और शराब का सेवन करने लगे। शराब का सेवन कर सुनील बिजेन्द्र को मारने के लिये अपने घेर से डंडा लेने चला गया। वापस आने पर उसे बिजेन्द्र व धर्मबीर बैठक में नहीं मिले। सुनील बिजेन्द्र को मारने के लिये वहीं बैठकर इंतजार करता रहा।

24.07.2024 को सुबह करीब 6 बजे धर्मबीर व बिजेन्द्र धर्मबीर की बैठक में शराब की बोतल लेकर आये। धर्मबीर खेत में चला गया। बिजेन्द्र व सुनील शराब का सेवन करने लगे। बिजेन्द्र को ज्यादा शराब का सेवन करने से नशा हो गया और वहीं चारपाई पर सो गया। सुनील ने पास पडी रस्सी से बिजेन्द्र के हाथ-पैर बांध दिये और डंडे से उस पर जब तक वार किया जब तक वह मरा नही। बिजेन्द्र की हत्या करने के बाद सुनील डंडे सहित मौके से फरार हो गया।