कांग्रेस टिकट मिलने के बाद सालासर धाम में पूजा करने पहुंचे रोहतक के विधायक बी बी बतरा

मतदान के बाद भाजपा की विदाई तयः भारत भूषण बतरा

कांग्रेस टिकट मिलने के बाद सालासर धाम में पूजा करने पहुंचे रोहतक के विधायक बी बी बतरा

रोहतक, गिरीश सैनी। कांग्रेस द्वारा जारी सूची में रोहतक से प्रत्याशी के रूप में घोषित होने के बाद स्थानीयविधायक भारत भूषण बतरा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये टिकट एक अकेले भारत भूषण बतरा की नहीं, बल्कि हर उस कांग्रेसी कार्यकर्ता की है, जो भाजपा की गलत नीतियों के खिलाफ लगातार साढ़े नौ साल से संघर्ष कर रहा है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और रोहतक की समस्त जनता का भी आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोहतक विधानसभा से एक बार फिर भारत भूषण बतरा को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद आतिशबाजी कर उत्साह व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे बीबी बतरा ने कहा कि उन्होंने हमेशा रोहतक के मान-सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई लड़ी है। उनके लिए  रोहतक से बढ़कर कुछ भी नहीं है। कांग्रेस शासनकाल में उन्होंने पूरे रोहतक का सर्वांगीण विकास करवाया था। वर्तमान सरकार उसकी देखरेख को भी आगे नहीं बढ़ा सकी। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस सरकार बनने पर रोहतक का नवनिर्माण करेंगे। जनता की छोटी से छोटी शिकायत का उस इलाके में जाकर समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में इस वक्त कांग्रेस की जबरदस्त लहर है। हरियाणा की जनता अपना मन बना चुकी है और मतदान के बाद भाजपा की विदाई तय है।

बॉक्स- 

विधायक भारत भूषण बतरा अपनी टिकट की घोषणा के बाद कांग्रेस परिवार के सदस्यों के साथ सालासर बालाजी महाराज की पूजा करने पहुंचे। उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और बालाजी के दरबार में रोहतक के सुख, समृद्धि, वैभव एवं मंगल की कामना की।