ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज आया भाजपा के समर्थन में

हरियाणा की दसों सीटों पर कमल खिला कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हाथ मजबूत करेंगेः दिलबाग सिंह सैनी

ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज आया भाजपा के समर्थन में

रोहतक, गिरीश सैनी। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री मोदी ने धारा 370 समाप्त कर, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कर तथा महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू कर राजनीतिक मुद्दों का समाधान किया है। हरियाणा में भाजपा ने पिछड़े वर्ग के कर्मठ कार्यकर्ता व साधारण किसान के बेटे नायब सिंह सैनी को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाकर साबित कर दिया है कि भाजपा में परिवारवाद की बजाय आम कार्यकर्ता सर्वोपरि है। ये बात ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज (रजि.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ दिलबाग सिंह सैनी ने मंगलवार को रोहतक में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।

उन्होंने नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा हाईकमान व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 10 की 10 सीटों पर कमल खिलाने का मन बना चुकी है। हरियाणा की सभी लोकसभा सीटों पर समाज के लोग एकजुट होकर निर्भीक एवं ऊर्जावान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हाथ मजबूत करने का कार्य करेंगे।

एक सवाल के जवाब में चौ दिलबाग सिंह सैनी ने कहा कि पूर्ववर्ती हुड्डा व चौटाला सरकार में केवल परिवारवाद हावी था तथा अपने परिजनों व रिश्तेदारों को ही आगे बढ़ाने का कार्य किया जाता था। लेकिन भाजपा शासन में बिना खर्ची व पर्ची के साधारण व योग्य लोगों को मेरिट के आधार पर नौकरियां मिली हैं। इससे प्रदेश के लोग पारदर्शी शासन के प्रति आश्वस्त हुए हैं और यह कार्य मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है।

ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के जिला अध्यक्ष दीपक सैनी ने कहा कि रोहतक लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद शर्मा पहले से अधिक अंतर से विजय प्राप्त करेंगे। इस दौरान अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखते हुए लोकसभा चुनाव में एक मत से भाजपा को सफल बनाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सैनी एजुकेशन सोसाइटी के पूर्व प्रधान धर्म सिंह दहिया, बलजीत सैनी, ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के जिला अध्यक्ष दीपक सैनी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र सैनी (बंटी), जगदीश सैनी, राष्ट्रीय सैनी पंचायत के अध्यक्ष जगदीश राय कटारिया, एडवोकेट प्रदीप सैनी सहित अन्य मौजूद रहे।