हरियाणा में विधानसभा चुनावों की घोषणा, 5 सितंबर से नामांकन, 1 अक्टूबर को वोटिंग, 4 को मतगणना

प्रदेश में आचार संहिता लागू। 

हरियाणा में विधानसभा चुनावों की घोषणा, 5 सितंबर से नामांकन, 1 अक्टूबर को वोटिंग, 4 को मतगणना

चंडीगढ़, गिरीश सैनी। केंद्रीय चुनाव आयोग ने हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होंगे। मतदान एक अक्टूबर को और मतगणना 4 अक्टूबर को होगी। 

विधानसभा चुनावों की घोषणा के साथ ही राज्य में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। नामांकन के लिए गजट नोटिफिकेशन 5 सितंबर को होगा और इसी दिन से नामांकन शुरू हो जाएंगे। नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन 12 सितंबर होगा। 13 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 16 सितंबर को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि हरियाणा की फाइनल वोटर लिस्ट 27 अगस्त को जारी होगी। जिन्होंने वोटर कार्ड नहीं बनवाए हैं, उनके पास अभी भी समय है। प्रदेश में 10 हजार 321 मतदाता 100 साल से अधिक आयु के हैं।

चुनाव आयोग द्वारा पूरे देश में पहली बार स्लम और मल्टीस्टोरीज हाउसिंग सोसाइटीज में पोलिंग स्टेशन बनाए जाएँगे, जिनमें गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत शामिल हैं। यह शहरी इलाके हैं। सभी बूथों में पीने के पानी, मेल/फीमेल बाथरूम, कतारों के खड़े लोगों के लिए शेड की व्यवस्था होगी।

85 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को घर से वोट डालने की सुविधा मिलेगी। इसमें राजनीतिक दलों के एजेंट्स साथ जा सकते हैं। इसकी वीडियोग्राफी होगी।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान ड्रग्स और शराब को लेकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य के सभी 20,629 पोलिंग स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।


नायब सैनी सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर तक। 
हरियाणा में 2019 में हुए विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने 21 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी किया था। वर्तमान सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होगा। समय से पहले विधानसभा चुनाव को लेकर हरियाणा सरकार भी अलर्ट हो गई है। सीएम नायब सैनी ने मुख्यमंत्री कार्यालय और टॉप ब्यूरोक्रेसी को अलर्ट कर दिया है। प्रदेश में युद्ध स्तर पर आईएएस अधिकारियों सहित अन्य तबादले किए गए है।