कांग्रेस सरकार बनते ही रोहतक में करेंगे माइक्रो मैनेजमेंटः विधायक बी बी बतरा

पेयजल, सीवर सहित शहर की एक-एक समस्या को प्राथमिकता के साथ करेंगे दूर।

कांग्रेस सरकार बनते ही रोहतक में करेंगे माइक्रो मैनेजमेंटः विधायक बी बी बतरा

रोहतक, गिरीश सैनी। हम मूलभूत सुविधाओं की कमी के चलते जनता के दर्द को महसूस कर सकते हैं, इसलिए संकल्प लिया है कि कांग्रेस सरकार आते ही रोहतक में माइक्रो मैनेजमेंट की जाएगी। शहर की एक-एक समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा ताकि किसी भी नागरिक को कोई असुविधा न हो। ये कहना है रोहतक से कांग्रेसी विधायक भारत भूषण बतरा का।  

विधायक बतरा स्थानीय तेज कॉलोनी तथा कांग्रेस कार्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की शूरसेन महिला मंडल की अध्यक्ष सीमा मल्होत्रा सहित अन्य ने भाजपा छोड़ कर कांग्रेस का हाथ थामा। तेज कॉलोनी में चिंटू नागपाल के नेतृत्व में भी अनेक भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए। विधायक बीबी बतरा ने कांग्रेस में शामिल होने पर सभी का अभिनंदन करते हुए कहा कि सभी को पार्टी में उचित मान सम्मान दिया जाएगा।

विधायक ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कांग्रेस की नीतियां एवं संकल्प पत्र आम जन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संकल्प पत्र जनता से कांग्रेस का वादा है कि सरकार बनते ही पहले दिन से जनकल्याण का कार्य शुरू हो जाएगा।

रोहतक की दुर्दशा को लेकर भाजपा पर हमला करते हुए विधायक बतरा ने कहा कि भाजपा ने रोहतक का जो बुरा हाल किया है, वह सबके सामने है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जनता त्रस्त है। शहर में जगह-जगह सड़कें टूटी पड़ी हैं, सीवरेज व्यवस्था ठप्प है और सबसे बुरा हाल पेयजल व्यवस्था का है। पांच साल से शहर का कोई कोना ऐसा नहीं, जहां लोग गंदा पानी पीने पर मजबूर ना हो। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा बार-बार ये मामला विधानसभा में उठाए जाने के बावजूद सरकार ने कोई सुनवाई नहीं की।

इस दौरान कांग्रेस का हाथ थामने वालों में निर्मल रंगा, सुमन फोगाट, सुनीता देवी, सुमित्रा, राजकुमार नागपाल, बिल्लू नागपाल, अमित नागपाल, वासुदेव शर्मा, पुनीत शर्मा, मोहित चावला, अमरजीत सिंह, राहुल जुनेजा, जयकिशन ढल, सुभाष ढल, मुकेश पाहवा, लोकेश सैनी, मोहित शर्मा, शिवम कत्याल, प्रीतम नागपाल, राजेंद्र कपूर, मीनू चावला, सुनीता पाहवा, गीतू नागपाल, गीता शर्मा, शालू, अंजलि नागपाल,ज्योति खानिजो, सरोज नागपाल, रीता टांक, अनीता खट्टर आदि शामिल हैं। /2/9/2024