कांग्रेस सरकार बनते ही प्राथमिकता के आधार पर शहर की हर समस्या का समाधान करेंगे: बीबी बतरा 

कांग्रेस सरकार बनते ही प्राथमिकता के आधार पर शहर की हर समस्या का समाधान करेंगे: बीबी बतरा 

रोहतक, गिरीश सैनी। विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि वह एक संकल्प के साथ अपने शहर की सेवा मे लगे हैं। वह काम करना जानते हैं, लेकिन उन्हें दिखावा करना नहीं आता। रोहतक शहर के विभिन्न बाजारों में जनसंपर्क करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता भाजपा प्रत्याशी के व्यक्तित्व, उनके व्यक्तित्व एवं व्यवहार में तुलना जरूर करें। उन्होंने कहा कि अपने शहर के लिए किसी भी स्तर पर संघर्ष करने से वे कभी पीछे नहीं हटे। 

स्थानीय किला रोड पर व्यापारियों के साथ संवाद करते हुए बतरा ने कहा कि भाजपा सरकार ने शहर के व्यापारियों को रुलाने में कसर नहीं छोड़ी। बार-बार नियम बदलते रहे, व्यापारी का व्यापार चौपट होता रहा,  लेकिन कोई पॉलिसी नहीं बनी। आज भी बारिश शुरू होते ही  बाजार में पानी भर जाता है। बतरा ने कहा कि वह जानते हैं पिछले 10 साल में शहर में किस हिस्से में कौन-कौन सी समस्या खड़ी हुई है। कांग्रेस सरकार बनते ही प्राथमिकता के आधार पर शहर के हर हिस्से को समस्या मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह संकल्प लेते हैं कि शहर के बाजारों में खड़े होकर समस्याओं का समाधान करवाएंगे। उन्होंने कहा कि रोहतक की कोई समस्या ऐसी नहीं जो उन्होंने अधिकृत रूप से विधानसभा में न उठाई हो, लेकिन खोट सरकार की नियत में था कि कोई समाधान नहीं किया गया। 

उन्होंने कहा कि व्यापारियों को भय मुक्त बाजार देना हमारी प्राथमिकता है। कांग्रेस सरकार ने पहले भी अपराधियों का हरियाणा से पलायन करवा दिया था, लेकिन भाजपा सरकार उन्हें काबू नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों को पोर्टल, फैमिली आईडी, प्रॉपर्टी आईडी के जाल में फंसा कर बुरी तरह प्रताड़ित किया। वास्तविक पात्रों को अपने काम करवाने के लिए रिश्वत देनी पड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आते ही कोई पोर्टल नहीं बचेगा, लोगों को सुविधा दी जाएगी, सरकारी कार्य का सरलीकरण होगा। उन्होंने कहा कि जन विरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ हरियाणा के लोगों में इस समय जबरदस्त आक्रोश है।