बड़ौली 14 जुलाई को सीएम नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में संभालेंगे प्रदेश अध्यक्ष की कमान

बड़ौली 14 जुलाई को सीएम नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में संभालेंगे प्रदेश अध्यक्ष की कमान

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली रविवार 14 जुलाई को पार्टी के रोहतक स्थित प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली को विधिवत रूप से पद ग्रहण कराएंगे। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी, प्रदेश के मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पदग्रहण समारोह के आयोजन को लेकर शुक्रवार को पार्टी कार्यालय मंगल कमल में संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें समारोह की तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां तय की गई।

भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने बताया कि इस बैठक में संगठन मंत्री ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने भी सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि चुनावी समय होने की वजह से हर कार्यकर्ता अपनी भागीदारी इस कार्यक्रम में सुनिश्चित करे। इस दौरान जिला के सभी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी खरक ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार जनहित में नए-नए निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसमर्थन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर तीसरी बार पूर्ण बहुमत से प्रदेश में भाजपा की  सरकार बनेगी।

इस बैठक में पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, पूर्व विधायक सरिता नारायण, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धर्मपाल मकड़ौली, पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर राजकमल सहगल, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन, रमेश भाटिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।