कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक और एग्जिट पोल के अनुमान से भाजपा का 400 पार का नारा साकार हो रहा हैः सुभाष बराला

रोहतक में भाजपा प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में बोले,  राजनीतिक रूप से कांग्रेस और इंडी गठबंधन हाशिए पर चला जाएगा।

कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक और एग्जिट पोल के अनुमान से भाजपा का 400 पार का नारा साकार हो रहा हैः सुभाष बराला

रोहतक, गिरीश सैनी। लोकसभा चुनाव उपरांत नतीजों से पहले भाजपा द्वारा कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने का काम लगातार जारी है। रविवार को रोहतक स्थित पार्टी कार्यालय मंगल कमल में प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक राज्यसभा सांसद सुभाष बराला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रबंधन से जुड़े हर विभाग से उसका फीडबैक लिया गया। विभाग प्रमुखों ने सौंपी गई जिम्मेदारी से जुड़ी सारी जानकारी बैठक में रखी। पदाधिकारियों से मिली जानकारी पर मंथन के बाद सुभाष बराला ने विभागों के काम पर संतुष्टि जताई। इस बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, पूर्व मंत्री विपुल गोयल और प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया सहित अन्य मौजूद रहे।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुभाष बराला ने कहा कि प्रदेश में 40 विभाग प्रबंधन की दृष्टि से बनाए गए थे। सभी विभागों की टीम के प्रमुख, सह प्रमुख और सभी कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विभागों में जिम्मेदारी के साथ काम किया है।

सुभाष बराला ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने जो टारगेट भाजपा के सभी प्रदेशों के कार्यकर्ताओं को दिया था, उस टारगेट पर कार्यकर्ताओं ने भी मेहनत और लगन के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का 400 पार का नारा कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक और एग्जिट पोल के अनुमानों के आधार पर साकार हो रहा है। जनता ने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 2014 में भाजपा ने 7 सीटें जीती थी, 2019 में 10 सीटें जीती और इस बार भी कार्यकर्ताओं की फीडबैक पर विश्वास है कि प्रदेश की 10 की 10 लोकसभा सीटें भाजपा को मिलेंगी।

राहुल गांधी के बयान पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में बराला ने कहा कि राहुल गांधी ऐसी पार्टी के नेता हैं, जिसने देश में तानाशाही का प्रदर्शन एक बार नहीं, कई बार किया और कांग्रेस ने देश में इमरजेंसी तक भी लगाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मीडिया पर भी विश्वास नहीं है और सर्वे करने वाली एजेंसियों पर भी उनका विश्वास नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में जितनी भी सर्वे एजेंसियां हैं, वे स्वतंत्र रूप से काम करती हैं। चुनाव परिणामों के मामले में ज्यादातर एजेंसियों के अनुमान सटीक रहते हैं।

सुभाष बराला ने कहा कि एग्जिट पोल से मिले अनुमानों के अनुसार राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और इंडी गठबंधन कहीं धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार राजनीतिक रूप से कांग्रेस और इंडी गठबंधन हाशिए पर चला जाएगा। इस दौरान पूर्व मंत्री विपुल गोयल, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, प्रदेश प्रवक्ता वंदना पोपली आदि मौजूद रहे।