हरियाणा में तीसरी बार पूर्ण बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है: राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षा मंत्री बोले, कांग्रेस हिमाचल की तरह हरियाणा में भी कर रही झूठे वादे। 

हरियाणा में तीसरी बार पूर्ण बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है: राजनाथ सिंह

बादली, गिरीश सैनी। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को बादली विधानसभा में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ मंच पर बादली विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी व राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, राजस्थान के विधायक महंत बालकनाथ, विधायक कुलदीप धनखड़, दिनेश शास्त्री, जिला अध्यक्ष राजपाल शर्मा, प्रदेश मीडिया सह- प्रभारी शमशेर खरक सहित अन्य नेता मौजूद रहे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए अमर शहीद राव तुलाराम की धरती को नमन किया और प्रदेश की जनता का धन्यवाद ज्ञापित किया। 

केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा नेता ओम प्रकाश धनखड़ की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े हैं और ईमानदारी और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने हरियाणा के विकास और भारतीय जनता पार्टी की सरकार की विश्वसनीयता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता को नॉन-स्टॉप विकास मिला है, और प्रदेश में मनोहर लाल और नायब सिंह सैनी ने बिना किसी भ्रष्टाचार के राज्य का नेतृत्व किया है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भाजपा की सरकार ने बिना किसी खर्ची-पर्ची के हरियाणा में नौकरियों का वितरण किया है, जो कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से पूरी तरह भिन्न है।

राजनाथ सिंह ने हरियाणा की वीर भूमि और किसानों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि हरियाणा भारत की सीमाओं की रक्षा करने वाले सबसे बहादुर नौजवानों का घर है। हरियाणा हमेशा से देश की रक्षा और सेवा में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के कारण भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। 

रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम करती है। उन्होंने कांग्रेस सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर था और लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी समय पर नहीं मिल पा रही थीं। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में भी कांग्रेस ने अपने वादों को कभी पूरा नहीं किया। हिमाचल में महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने का वादा किया गया था, लेकिन वह आज तक पूरा नहीं हुआ। कर्नाटक के मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि लोकायुक्त तक को कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने हमेशा किसानों को गुमराह किया और झूठे वादे किए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की सरकार गरीबों, बुजुर्गों और किसानों के हित में काम कर रही है। भाजपा ने हर परिवार को 10 लाख रुपये का मुफ्त इलाज और हर घर को 500 रुपये में सिलेंडर देने का वादा किया है। इसके साथ ही अग्निवीर योजना के तहत सरकारी सेवाओं में युवाओं को अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

राजनाथ सिंह ने जनता से अपील की कि वे भाजपा को तीसरी बार भारी बहुमत से जिताएं और हरियाणा में विकास की गंगा बहाने का काम जारी रखें। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने वाले समय में हरियाणा को और भी मजबूत बनाएगी और देश के विकास में अपना अमूल्य योगदान देगी।

बादली से हरियाणा भाजपा प्रत्याशी व राष्ट्रीय सचिव एवं वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश धनखड़ ने रैली को सम्बोधित व राज्य की सरदारी और मातृशक्ति को नमन करते हुए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रशंसा की।

राजस्थान के तिजारा के विधायक महंत बालकनाथ ने अपने संबोधन में भाजपा के विकास यात्रा और राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की। बालकनाथ ने राम मंदिर निर्माण के संकल्प को पूरा करने का श्रेय भाजपा को दिया, उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस मंदिर का वादा किया था, उसे उसी स्थान पर बनाकर दिखाया।