भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद शर्मा ने किया रोहतक सीट पर बड़े अंतर से जीत का दावा

कलानौर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में किया जनसंपर्क।

भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद शर्मा ने किया रोहतक सीट पर बड़े अंतर से जीत का दावा

कलानौर, गिरीश सैनी। रोहतक लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि आज पूरा प्रदेश मोदीमय हो गया है और जनता मतदान के लिए उत्साहित है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा चार सौ पार के आंकड़े की तरफ बढ़ रही है और रोहतक सीट पर बड़े अंतर से भाजपा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कुछ नहीं बचा और कांग्रेस ने एक तरह से अपनी हार मान ली है। डॉ शर्मा ने कहा कि सत्ता पाने के लिए बौखलाई कांग्रेस डर व भय का माहौल बनाने में लगी हुई है। उन्होंने दावा किया है कि हरियाणा की दस की दस लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत तय है।

शुक्रवार को भाजपा उम्मीदवार डॉ अरविंद शर्मा ने कलानौर विधानसभा के गांव सुंडाना, मसूदपुर, नौंनद, बलियाणा, सुनारियां, गरनावठी सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन काल के दौरान प्रदेश में होने वाला भ्रष्टाचार जगजाहिर है। प्रदेश की जनता को कांग्रेस शासन काल के दौरान जिस तरह से लूटने काम किया है उसे भुलाया नहीं जा सकता है। अब वही लोग जनता के बीच जाकर मुख्यमंत्री बनने का दावा कर रहे हैं, ऐसे लोगों को आखिर कौन मुख्यमंत्री बनाएगा, जिन्होंने प्रदेश को विकास की पटरी से उतारने का काम किया है।

डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं में कोई बदलाव नहीं आया है और न ही कांग्रेस की नीतियों में कोई बदलाव हुआ है। भाजपा सरकार को बदनाम करने के लिए कांग्रेस नेताओं द्वारा केवल झूठा प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोहतक सीट पर कांग्रेस को अपनी हार का अंदेशा साफ दिखाई दे रहा है और अब कांग्रेस नेता भय का माहौल बनाना चाहते है। उन्होंने कहा कि जो भी गलत काम करेगा उसे वैसा ही नतीजा भुगतना पड़ेगा। आज विपक्षी नेता भी अपने गलत कामों का नतीजा भुगत रहे है।

डॉ अरविंद शर्मा  ने कहा कि वे चार बार सांसद चुने गए है और उन्होंने पूरी ईमानदारी के साथ काम किया है और ये बात प्रदेश की जनता भी मानती है। उन्होंने कहा कि आज भी प्रदेश की जनता कांग्रेस के कुशासन को नहीं भूली है। कांग्रेस शासन में नौकरी के लिए खर्ची-पर्ची चलती थी, जिसे भाजपा शासन में पूरी तरह खत्म कर दिया गया।