भाजपा जिलाध्यक्ष ने बेरी के वार्ड नंबर दस का दौरा कर करवाई गंदे पानी की निकासी

भाजपा जिलाध्यक्ष ने बेरी के वार्ड नंबर दस का दौरा कर करवाई गंदे पानी की निकासी

बेरी, गिरीश सैनी। झज्जर भाजपा जिलाध्यक्ष विक्रम कादियान ने बुधवार को कस्बा बेरी के वार्ड नंबर दस का दौरा किया। इस दौरान वार्ड निवासियों ने उन्हें वार्ड में गंदे पानी की निकासी नहीं होने के कारण हो रही परेशानियों से अवगत करवाया। वार्ड वासियों ने बताया कि मानसून सीजन में भी नालों की सफाई का कार्य नहीं किया गया, जिसके चलते गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मच्छर पनपने के कारण बीमारियां फैलने का अंदेशा भी बना हुआ है।

लोगों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाध्यक्ष विक्रम कादियान ने मौके पर ही जन स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका अधिकारियों से बातचीत कर मौका मुआयना कर समस्या का जल्द समाधान करने की बात कही। जन स्वास्थ्य विभाग के जेई, नगर पालिका सचिव राहुल सैनी सहित अन्य विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था करवाई। विक्रम कादियान ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। गंदे पानी की निकासी के लिए दो पंप सेट लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नगर पालिका के अधिकारियों को भी नालों की समुचित सफाई करवाने के लिए कहा गया है। उन्होंने आमजन से भी सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील की, क्योंकि पॉलीथीन नालों और सीवरेज में रूकावट होने का बड़ा कारण है।