'हरियाणा मांगे हिसाब' कार्यक्रम से बौखलाई भाजपा सरकारः एक्स सीपीएस रणसिंह मान

किसान नेता राजू मान बोले, हर वर्ग आंदोलन की राह पर।

'हरियाणा मांगे हिसाब' कार्यक्रम से बौखलाई भाजपा सरकारः एक्स सीपीएस रणसिंह मान

बाढ़डा, गिरीश सैनी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश भाजपा सरकार से 'हरियाणा मांगे हिसाब' अभियान के दौरान पूर्व सीपीएस रण सिंह मान ने कहा कि इस मुहिम से मौजूदा सरकार पूरी तरह से बौखलाहट में है। उन्होंने कहा कि जनता सरकार से दस साल के शासन का हिसाब मांग रही है तो हरियाणा ही नहीं भाजपा के बड़े केंद्रीय नेता सफाई देने पर जुटे हैं। वहीं लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा ना केवल विपक्ष पर झूठे आरोप लगा रही है, बल्कि विरोधियों को सरकारी एजेंसियों के माध्यम से टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राव दान सिंह पर पड़े छापे इसी कड़ी का हिस्सा हैं।

शुक्रवार को बिलावल, हड़ौदी, काकड़ौली हट्टी, काकड़ौली सरदारा, ढाणी खटीकान, जीतपुरा, भारीवास, काकड़ौली हुक्मी और कारी दास में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र हमेशा दूसरों के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहा है। लोकसभा चुनाव की भांति यहां के लोग ने विधानसभा चुनाव में भी अपना जलवा दिखाएंगे।

इस दौरान अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक राजू मान ने कहा कि जन समस्याओं का अंबार लगा पड़ा है। किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी समेत हर वर्ग अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत है, लेकिन सत्ता के नशे में चूर सत्ताधारी चैन की बंसी बजा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों के लिए सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में प्रदेश भर में पदयात्रा कर रही है। इस यात्रा को मिल रहे भारी जनसमर्थन से भाजपा में बड़ी बेचैनी है।

इस मौके पर राजकुमार, कमल सिंह, रतन सिंह, डॉ नफे सिंह, सुरेंद्र सिंह, रमेश कुमार, महाबीर सिंह, लीलूराम, उमराव सिंह, हरदेव सिरोहा, महिपाल, मनोज कुमार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।