भाजपा सरकार केवल अपने विकास तक ही सीमित रही: विधायक बी बी बतरा 

कहा, हरियाणा में कांग्रेस की जबरदस्त लहर। 

भाजपा सरकार केवल अपने विकास तक ही सीमित रही: विधायक बी बी बतरा 

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय विधायक भारत भूषण बतरा ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले साढ़े 9 सालों में भाजपा ने केवल अपना विकास ही किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के मामले में हरियाणा और खासतौर से रोहतक की जबरदस्त अनदेखी की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आप लोग  पूरी जिम्मेदारी से अपने काम को आगे बढ़ाइये, हरियाणा में आपकी सरकार बनने जा रही है। 

कांग्रेस के बूथ लेवल कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए बतरा ने कहा कि रोहतक में 5 मिनट की बारिश होने पर लोग भगवान से दुआ करने लगते हैं कि बस अब और बारिश न हो। भाजपा राज में शहर की जनता यातायात जाम, जलभराव, सीवर जाम या ओवर-फ्लो सहित पेयजल संकट, स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं से त्रस्त है  उन्होंने कहा कि विधानसभा में बार-बार आवाज उठाने के बावजूद भाजपा सरकार ने रोहतक को पीने के लिए स्वच्छ जल तक नहीं दिया। विधायक ने कहा कि रोहतक की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए भटक रही है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा इसी को विकास कहती है तो प्रदेश की जनता को ऐसा विकास नहीं चाहिए। 

बीबी बतरा ने कहा कि पिछले साढ़े 9 साल से पूरा हरियाणा भाजपा के शोषण का शिकार हो रहा है, जिस भी वर्ग ने आवाज उठाई, सरकार ने उसी पर लाठियां बरसाई। लेकिन अब हरियाणा की स्वाभिमानी जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। हरियाणा में कांग्रेस की जबरदस्त लहर है, और अब उनकी सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता।