भाजपा सरकार 10 साल में सबसे विफल सरकार साबित हुई: दीपेन्द्र हुड्डा 

सांसद की मौजूदगी में कइयों ने थामा कांग्रेस का हाथ। 

भाजपा सरकार 10 साल में सबसे विफल सरकार साबित हुई: दीपेन्द्र हुड्डा 

रोहतक, गिरीश सैनी। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को रोहतक में आयोजित सम्मान समारोह में शिरकत की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय उद्योग एवं व्यापार से जुड़े लोगों ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। दीपेन्द्र हुड्डा ने सभी का कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि आज हरियाणा का हर वर्ग कांग्रेस में अपना विश्वास जता रहा है और वह चाहता है कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बने ताकि उनकी अपेक्षा पूर्ण हो सके। 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार 10 साल में सबसे विफल सरकार साबित हुई है। कांग्रेस सरकार ने 2004 और 2009 में जो कहा वो पूरा किया, लेकिन भाजपा ने 2014 और 2019 में जो वायदे किये उसे भी पूरा नहीं किया। लोकसभा चुनाव परिणामों से स्पष्ट हो गया कि पूरे प्रदेश में बदलाव की लहर है।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों ने साफ संदेश दे दिया है कि हरियाणा के लोग प्रदेश में बदलाव चाहते हैं और कांग्रेस सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बढ़ते अपराध और नशे का सबसे बड़ा कारण बेरोजगारी है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने पर प्राथमिकता के साथ अपराध और बेरोजगारी पर नकेल कसी जाएगी।

उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार की कमजोरी और नाकामी के चलते हरियाणा में 2004 के पहले चौटाला सरकार वाला जंगलराज वापस लौट आया है। इस दौरान स्थानीय विधायक भारत भूषण बतरा, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा, चक्रवर्ती शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।