भाजपा ने खत्म की गुंडागर्दी, समझदार व सजग जनता कांग्रेस के झांसे में नहीं आएगी: डॉ अरविंद शर्मा

भाजपा ने खत्म की गुंडागर्दी, समझदार व सजग जनता कांग्रेस के झांसे में नहीं आएगी: डॉ अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि हुड्डा परिवार को अभी से अपनी हार का अंदेशा हो गया, इसी के चलते कांग्रेस रोहतक सीट पर माहौल खराब करना चाहती है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और कांग्रेस की साजिश को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सबको पता है कि कांग्रेस शासन काल के दौरान सरेआम बाजारों में गुंडागर्दी होती थी और लोगों को धमकियां दी जाती थी, जिसे भाजपा ने खत्म कर दिया। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने कहा कि किसी से डरने की कोई जरुरत नहीं है। रात एक बजे भी फोन कर देना, उनका बेटा साथ खड़ा मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि तीसरी बार भी देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। 

शनिवार को भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद शर्मा ने शहर में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों, गरीब मजदूरों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों, युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने के बाद इन लोगों को आगे बढ़ाने की दिशा में नीतियां बना कर उन्हें लागू किया। समाज की पंक्ति में अंतिम व्यक्ति तक भाजपा सरकार ने योजनाओं का लाभ पहुंचाया है, जबकि कांग्रेस ने देश को तोडऩे और लोगों के साथ अन्याय करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता खत्म होने के बाद प्रदेश में दुगने रफ्तार से विकास कार्य किए जाएंगे। 

भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने कहा कि लोग अब कांग्रेस के बहकावे में आने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता हथियाना के लिए झूठ बोलने का काम कर रही है लेकिन अब देश की जनता समझदार हो गई है और वह यह जानती है कि कौन उसका भला कर सकता है और कौन नहीं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व की बड़ी ताकत बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने किसानों, गरीब मजदूरों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों, युवाओं की समस्याओं का निदान करने के लिए योजनाएं बनाई।