जनता का विश्वास खोया भाजपा नेः बीबी बतरा

रोहतक बार के सदस्यों से की वोट की अपील। 

जनता का विश्वास खोया भाजपा नेः बीबी बतरा

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण बतरा ने कहा है कि भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है और कांग्रेस बड़े बहुमत के साथ हरियाणा में सरकार बनाने जा रही है। जिला बार में शुक्रवार को अधिवक्ताओं के बीच वोट मांगने पहुंचे एडवोकेट बतरा का अधिवक्ताओं ने अभिनंदन किया।

रोहतक बार में अधिवक्ता साथियों से वोट की अपील करते हुए बतरा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में हरियाणा ने विकास की बुलंदियों को छुआ। हुड्डा सरकार ने हरियाणा में उद्योगों के लिए एक खास माहौल तैयार किया, अनेकों बड़े उद्योग हरियाणा में आए, प्रदेश को शिक्षा का हब बनाया। इसके उलट पिछले साढ़े 9 वर्षों में भाजपा सरकार ने लोगों को केवल जुमले दिए और विकास के मामले में हरियाणा दिन-प्रतिदिन पिछड़ता चला गया।

इस दौरान पूर्व मंत्री सुभाष बतरा ने कहा कि पोर्टल की भाजपा सरकार ने जनता को हर मामले में बुरी तरह रुलाने का काम किया, लेकिन अब जनता इस चुनाव में भाजपा को जवाब देने जा रही है। इस मौके पर बार प्रधान अरविंद श्योराण, लोकेंद्र फोगाट जोजो, भगत सिंह मलिक, जोगिंदर नांदल, महासचिव दीपक हुड्डा, हर्षवर्धन मलिक आदि मौजूद रहे।  

शुक्रवार को भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के एक दर्जन से ज्यादा पदाधिकारियों ने विधायक भारत भूषण बतरा की मौजूदगी में कांग्रेस का हाथ थामा। कांग्रेस में शामिल होने वालों में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ अरविंद शर्मा, रोहतक लोकसभा आईटी प्रमुख प्रवीण मुदगिल, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रामकुमार कौशिक, भारत भूषण शर्मा, राजीव दहिया, ओबीसी मोर्चा जिला सचिव महेंद्र जांगड़ा, कर्मवीर राठी, सीनू वत्स, ओमपाल शर्मा, नरेंद्र कौशिक, हरि भगत पटवारी आदि प्रमुख हैं।