झूठ और जुमलों के सहारे भाजपा एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरी: विधायक बी बी बतरा 

कहा, कांग्रेस सरकार आते ही बदलेंगे प्रॉपर्टी आईडी सिस्टम। 

झूठ और जुमलों के सहारे भाजपा एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरी: विधायक बी बी बतरा 

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय विधायक भारत भूषण बतरा ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि झूठ और जुमलों के सहारे भाजपा एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरी है, लेकिन जनता अब उन्हें पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस तरह  पूरी रणनीति के साथ मेहनत की, अब विधानसभा चुनाव में एक बार फिर उसी नीति पर काम करने की जरूरत है। 
 
विधायक बतरा ने बुधवार को बूथ लेवल कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सच के रास्ते पर है। उन्होंने कहा कि साढ़े नौ साल के शासनकाल में भाजपा ने काम नहीं किया, सिर्फ़ झूठ की राजनीति की। आज हर गली नुक्कड़ पर जनता भाजपा से सवाल पूछ रही है। कांग्रेस द्वारा चलाये गए हरियाणा मांगे हिसाब कार्यक्रम को पूरे प्रदेश में जबरदस्त समर्थन मिला। जो लोग गर्व से कहते थे कि हम पोर्टल की सरकार चला रहे हैं, आज जनता के बीच माफी मांगते घूम रहे हैं। 

बीबी बतरा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आते ही पूरा सिस्टम परिवर्तित होगा, लोगों को किसी भी काम में असुविधा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी सिस्टम बदला जाएगा। पोर्टल के माध्यम से भ्रष्टाचार की जो दुकान खोल दी गई है, उसे बंद किया जाएगा।