विधानसभा प्रत्याशियों के चयन में भाजपा ने रखा सामाजिक संतुलन का ध्यानः बिप्लब देब

कहा, कांग्रेस केवल मंथन में उलझी, अभी अपनी लिस्ट भी जारी नहीं कर पाई।

विधानसभा प्रत्याशियों के चयन में भाजपा ने रखा सामाजिक संतुलन का ध्यानः बिप्लब देब

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने के बाद भाजपा के प्रदेश विधानसभा चुनाव सह प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन में भाजपा ने सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखा है। रोहतक स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बिप्लब देब ने कहा कि भाजपा द्वारा पहली सूची में 90 में से 67 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करना भाजपा के विश्वास और संगठन की ताकत के साथ साथ एक मजबूत नेतृत्व की ओर इशारा करता है। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, संजीव बालियान, भाजपा मीडिया सहप्रभारी शमशेर सिंह खरक सहित अन्य मौजूद रहे।

बिप्लब देब ने कहा कि पहली सूची में पिछड़ा वर्ग के 14 प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही दलित, जाटव, वाल्मीकि, धानक, बिश्नोई, सिख, जाट, यादव, ब्राह्मण, वैश्य सहित सभी समुदायों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहली सूची में जिन 9 विधायकों की सीटों को बदला गया है, ये सामाजिक समीकरण साधने की दृष्टि से किया गया है, जिसमें 3 मंत्री भी शामिल है। सामाजिक व राजनीतिक समीकरण और हरियाणा के परिदृश्य सहित सभी वर्गों को देखते हुए यह बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता भाजपा की रीति-नीति से खुश हैं और हमें पूर्ण विश्वास है कि एक बार फिर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने जा रही है।

एक सवाल के जवाब में बिप्लब कुमार देब ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अभी तक अपनी पहली सूची नहीं जारी कर पाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल मंथन में उलझ कर रह गई है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि इस सूची में पुराने नामों को भी बराबर तरजीह दी गई है, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सैनी, अनिल विज, ओपी धनखड़, कैप्टन अभिमन्यु सहित कई अन्य नेताओं के नाम शामिल है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कई तरह के तालमेल बनाने पड़ते हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विपक्ष बोलने का अधिकार खो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा में एक लोकतांत्रिक व्यवस्था है, जबकि कांग्रेस में बाप-बेटे की राजनीति चलती है।

बिप्लब कुमार देब ने कहा कि भाजपा में एक कार्यकर्ता को जितना सम्मान दिया जाता है, वैसा किसी अन्य पार्टी में नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में परिवारवाद हावी है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा के चुनावी दौरे और प्रवास कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।/5/9