भाजपा प्रदेश महामंत्री पूनिया ने पूर्व सीएम हुड्डा को राज्यपाल के समक्ष 29 विधायक पेश करने का चैलेंज दिया

भाजपा प्रदेश महामंत्री पूनिया ने पूर्व सीएम हुड्डा को राज्यपाल के समक्ष 29 विधायक पेश करने का चैलेंज दिया

रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चैलेंज देते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने कहा है कि हुड्डा अपने 29 विधायकों को राज्यपाल के समक्ष पेश करके दिखाएं। पूनिया ने कहा कि कांग्रेस ने सदा झूठ बोलकर लोगों को ठगने और गुमराह करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हरियाणा में अभी तक जिला अध्यक्ष भी नहीं बना पाई है, संगठन खड़ा करना तो दूर की बात है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संगठन की ताकत पन्ना प्रमुख तक पहुंच चुकी है और प्रदेश की नायब सरकार मजबूती के साथ जनसेवा के कार्यों में जुटी हुई है।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि अधूरी चीजें देकर जनता को गुमराह करने में कांग्रेस को महारत हासिल है। पूर्व सीएम हुड्डा गरीब लोगों को प्लॉट देने की बात करते हैं लेकिन कांग्रेस शासन में दिए गए प्लॉटों की रजिस्ट्रियां तक नहीं दी। जबकि भाजपा की नायब सरकार रजिस्ट्रियों के साथ-साथ प्लॉट पर कब्जा भी दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी जिस योजना की शुरूआत करते हैं, उसे अंजाम तक भी पहुंचाते हैं।

पूनिया ने कहा कि जनता मोदी और नायब सरकार के साथ है और आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया कर देगी। उन्होंने कहा कि दस सालों में डबल इंजन की सरकार ने जो काम किए हैं, वह कांग्रेस 60 सालों में भी नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हर जिले में प्रवास करेंगे और इस दौरान लोगों से रूबरू मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।

पूनिया ने आरोप लगाया कि संविधान का सबसे ज्यादा दुरुपयोग अगर किसी ने किया है तो कांग्रेस ने किया है। देश में आपातकाल लगाकर लोगों के हक को खत्म करने वाली भी कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो विपक्ष की सरकारों को बर्खास्त करने तक काम किया है। 2014 के बाद भाजपा सरकार ने गैस की किल्लत को खत्म कर घर-घर तक सिलेंडर पहुंचाए। पूनिया ने कहा कि भाजपा की नायब सरकार मजबूती से जनसेवा और विकास के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनने वाली है।