भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने किया निगम चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा

रोहतक में बोले, कार्यकर्ता छोटी-छोटी बैठक कर लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट डालने की अपील करें।

भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने किया निगम चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा

रोहतक, गिरीश सैनी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय ‘‘मंगल कमल’’ में नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा रोहतक जिला की कोर कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कांग्रेस के अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने सभी का भाजपा परिवार में स्वागत किया और उम्मीद जताई कि सभी भाजपा के साथ निष्ठा से काम करते हुए पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।

इस दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला प्रभारी सतेंद्र परमार, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, वरिष्ठ नेता प्रदीप जैन, सेवानिवृत वरिष्ठ अधिकारी अमरजीत सोलंकी सहित अन्य पदाधिकारी व कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। 

डा. सतीश पूनिया ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें, निश्चित तौर पर भाजपा की प्रचंड जीत होगी। उन्होंने कहा कि आप सभी कार्यकर्ता छोटी-छोटी बैठक करें और लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान कराने का भरोसा दें। डा. पूनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनकल्याणकारी निर्णय लेकर हर वर्ग को लाभ पहुंचा रहे हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को एकजुट करके चुनाव प्रचार तेज करने की बात कही।

प्रदेश प्रभारी ने कोर कमेटी के सदस्यों से वन टू वन चर्चा करते हुए कहा कि चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़नी है और दिन रात कड़ी मेहनत करते हुए हर वार्ड में कमल खिलाना है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस कहीं भी नहीं है। कांग्रेस सिर्फ औपचारिक रूप से चुनाव लड़ रही है। इस दौरान कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नीतू शर्मा उपाध्यक्ष रोहतक कांग्रेस, ज्योति तागड़ा ब्लॉक अध्यक्ष, भावना, बेबी रानी, नीलम, जोगेंद्र, सुरेश, विपिन, विजय शर्मा, लोकेश कुमार आदि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी उन्होंने घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करने की अपील की।