भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैः मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

कहा, कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार की गति तेज हुई, जबकि मोदी राज में विकास की गति बढ़ी।

भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैः मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

रोहतक, गिरीश सैनी। लोकसभा चुनाव में 2019 चुनाव के मुकाबले बड़ी जीत दर्ज करने पर फोकस करते हुए बुधवार को भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक रोहतक स्थित नए प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में आयोजित की गई, जिसमें हर वोटर से संपर्क करने का स्पष्ट संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को एक-एक वोटर तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए जिससे भाजपा के कार्यकर्ता ने संपर्क ना किया हो।

इस बैठक में मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, चुनाव सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक सुभाष बराला, संगठनमंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थित पदाधिकारियों को चुनाव प्रबंधन के गुर दिए। इन आला नेताओं की उपस्थिति में चुनाव प्रबंधन से जुड़े संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही लोकसभा, विधानसभा के अलावा बूथ स्तर पर चुनाव जीतने के फार्मूले पर भी मंथन हुआ।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बड़ी मजबूती से लोकसभा चुनाव को ऐतिहासिक बनाते हुए दस की दस सीटें बड़े अंतर से जिताने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 मई तक दिन-रात काम करना है। कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण भाव व जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से सभी सीटों पर जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनाकर भाजपा भारत को विकसित राष्ट्र बनने के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ेगी।

इस बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में खुशहाली लाकर एक सकारात्मक माहौल बनाया है, ताकि हरियाणा विकसित होने की राह पर तेजी से आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि जनता को घर बैठे योजनाबद्ध तरीके से इन 10 सालों में सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है।

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चुनाव में भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं है। कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार को जनता भूली नहीं है। जनता को मालूम है कि कांग्रेस राज में कैसे तीन-तीन दिनों तक लाइनों में खड़े रहने के बाद गैस का सिलेंडर मिलता था। कांग्रेस ने लंबे समय तक शासन किया, लेकिन गरीब लोगों को गैस सिलेंडर तक नहीं दे पाई। कांग्रेस की सरकारों में भ्रष्टाचार की गति तेज हुई है, जबकि मोदी सरकार में विकास की गति बढ़ी है। मोदी सरकार में गरीब महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर मिले हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस शासन में वृद्ध व्यक्ति अपनी पेंशन के लिए भटकता रहता था। भ्रष्टाचार के चलते पेंशन बनवाने में काफी दिक्कतें आती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अब लोगों को चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। वृद्धावस्था पेंशन घर बैठे बन रही है। लोकसभा टिकटों की घोषणा पर सीएम सैनी ने कहा कि छह लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित हो चुके हैं। शेष चार लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी जल्द हो जाएगी। पूर्व गृहमंत्री अनिल विज की नाराजगी के सवाल पर सीएम ने कहा कि अनिल विज हमारे वरिष्ठ नेता हैं और उनकी कोई नाराजगी नहीं है।