मंडलों पर साप्ताहिक प्रवास करेंगे भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेता: फणीन्द्रनाथ शर्मा

संगठनात्मक बैठक में भाजपा का बूथ सशक्तिकरण पर जोर। 

मंडलों पर साप्ताहिक प्रवास करेंगे भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेता: फणीन्द्रनाथ शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारियों में जुटी भाजपा ने प्रदेश के सभी मंडलों पर प्रवास की योजना तैयार की है। भाजपा के बड़े नेता मंडलों में प्रवास करेंगे और बूथ कार्यकर्ताओं तथा जनता से संवाद करेंगे। इस दौरान बूथों को और अधिक मजबूत करने तथा हर बूथ पर कमल खिलाने के लिए बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से संवाद के साथ-साथ प्रेरित किया जाएगा। अगले सप्ताह से भाजपा का प्रवास कार्यक्रम शुरू होगा।
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने बताया कि शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में प्रदेश पदाधिकारियों की संगठनात्मक बैठक हुई। इस बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया मौजूद रहे। 

संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि प्रदेश स्तर के सभी नेता, पदाधिकारी आगामी सप्ताह से प्रदेश के सभी बूथों पर जाकर कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे और बूथों को और अधिक मजबूत करेंगे। प्रवास कार्यक्रम की जिम्मेदारी पूर्व प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी और एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन भारत भूषण मिड्ढा को दी गई है। 

बैठक में संगठनमंत्री ने बताया कि प्रवास के दौरान सभी प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, नगर निगमों के चेयरमैन बूथों पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से बूथ मैनेजमेंट पर चर्चा और बूथों को मजबूत करने के लिए संवाद के साथ-साथ वहां के गणमान्य लोगों से भी संपर्क करेंगे। शर्मा ने यह भी कहा कि सभी नेता और पदाधिकारी प्रवास के दौरान स्थानीय मुद्दों पर भी लोगों से बातचीत करें और उनके समाधान करवाने में मदद करें। बूथ सशक्तिकरण पर जोर देते हुए संगठन मंत्री ने कहा कि इससे हमारे कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा वहीं स्थानीय लोगों में भाजपा के प्रति विश्वास ज्यादा बढ़ेगा। 

इस बैठक में सिरसा से लोकसभा प्रत्याशी रहे पूर्व सांसद अशोक तंवर, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, रतिया से पूर्व विधायक रविन्द्र बलियाला, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, हिसार नगर निगम चेयरमैन गौतम सरदाना आदि मौजूद रहे। 


एक पौधा मां के नाम अवश्य लगाएं: फणीन्द्रनाथ शर्मा 

एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने स्थानीय बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय में पौधा रोपण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ वातावरण के लिए पौधारोपण अभियान चलाया है और इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सब की है। इस अभियान के तहत लगभग 100 पौधे लगाए गए। संगठन मंत्री ने लोगों से आहवान करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को मां के नाम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसका संरक्षण भी करना चाहिए। इस दौरान बीएमयू के कुलपति प्रो एचएल वर्मा, कुलसचिव मनोज कुमार, डीन नवीन कुमार, भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा की महामंत्री रमा बल्हारा, डा. आदित्य बतरा सहित अन्य मौजूद रहे।