विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का थीम सॉंग ‘‘भरोसा दिल से, भाजपा फिर से’’ लांच

मुख्यमंत्री ने किया मीडिया सेंटर का भी उद्घाटन। 

विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का थीम सॉंग ‘‘भरोसा दिल से, भाजपा फिर से’’ लांच

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के निवर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार देर सायं रोहतक में भाजपा के थीम सोंग ‘‘भरोसा दिल से, भाजपा फिर से’’ को लांच किया और पार्टी के आधुनिक तकनीक और मीडिया उपकरणों से लैस प्रदेश मीडिया कार्यालय का उद्घाटन भी किया। 

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भाजपा का यह मीडिया सेंटर भाजपा की चुनावी रणनीति, योजनाओं और विकास के एजेंडे को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उद्घाटन के मौके पर चुनाव सह प्रभारी बिप्लब देब, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने मीडिया सेंटर की स्थापना पर प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी व उनकी टीम के सदस्य अशोक छाबड़ा, शमशेर सिंह खरक, संदीप राणा सहित पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी सहित अन्य मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा का थीम ‘‘भरोसा दिल, भाजपा फिर से’’ का मतलब यही है कि हरियाणा की जनता का भाजपा पर भरोसा है, इसलिए तीसरी बार हरियाणा में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरूक्षेत्र से चुनाव 2024 का आगाज करेंगे। चुनाव में केंद्रीय नेतृत्व अलग-अलग स्थानों पर रैलियां करेंगे। उन्होंने कहा कि 10 वर्षां में हमारी सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से काम करते हुए लोगों के जीवन को सरल बनाया है। 2014 से पहले कांग्रेस की सरकारों में जो योजनाएं बनाई जाती थी उनमें लीकेज होता था और गरीब व्यक्ति तक उनका लाभ नहीं पहुंच पाता था। भाजपा सरकार ने अंत्योदय की भावना के साथ काम किया और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाण क्षेत्रवाद, भाई भतीजावाद और परिवारवाद से ग्रसित रहा है। हरियाणा के लोगों ने देखा है कि हमारी सरकार ने क्षेत्रवाद, भाईभतीजावाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार पर विराम लगाया है। 10 सालों में हरियाणा के सभी जिलों में फोर लेन सड़कें बनी हैं, हर जिले में मेडिकल कालेज खोलने का काम हमारी सरकार ने शुरू किया और अब तक 15 जिलों में मेडिकल कालेज खुल चुके हैं। विपक्ष की सरकारों को घेरते हुए नायब सैनी ने कहा कि अंतिम टेल तक पानी पहुंचाने की हिम्मत किसी सरकार ने नहीं दिखाई। 2014 में भाजपा सरकार बनने पर अंतिम टेल तक पानी पहुंचा है। 

सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘ज्ञान’’ गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को मजबूत करने वाले वाक्य पर चलते हुए हमारी सरकार ने हर वर्ग को लाभान्वित और मजबूत किया है। गरीब के लिए खुशहाली हो और उनके सिर पर छत हो इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हमारी सरकार ने 50 हजार मकान बनाकर चॉबियां सौंपी है। 15 हजार मकान भी और बनकर तैयार हो गए हैं। हरियाणा के 50 लाख परिवार आयुष्मान और चिरायु कार्ड का लाभ उठा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को घर के नजदीक शिक्षा मिले, इसके लिए हमारी सरकार ने रोडमैप बनाकर 20 किलोमीटर पर 71 कालेज बनाए हैं। गरीब बेटियों की शिक्षा को फ्री किया है। सीएम ने कहा कि किसानों की 100 प्रतिशत फसल को एमसपी पर देने की गारंटी दी, 1 लाख 20 हजार कच्चे कर्मचारियों की नौकरी को सुरक्षित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पर युवाओं का भरोसा बढ़ा है। कांग्रेस के समय युवा नौकरी के लिए विधायकों, मंत्रियों और मुख्यमंत्री के घरों के चक्कर काटते थे, तब भी पर्ची और खर्ची से नौकरी मिलती थी। भाजपा ने योग्यता के आधार पर नौकरियां दी हैं। आज युवा मंत्रियों के नहीं बल्कि कोचिंग सेंटर के चक्कर लगाते दिखते हैं। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग सिर्फ बोलते थे, करते कुछ नहीं थे, जबकि भाजपा जो बोलती है वह करके दिखाती है इस बात की चर्चा हरियाणा में आम है। 

त्रिपुरा के पूर्व सीएम एवं प्रदेश चुनाव सह प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने भाजपा के थीम सॉंग पर बोलते हुए कहा कि भरोसा दिल से, बीजेपी फिर से का मतलब यही है कि हम दिल से भरोसा करते हैं इसलिए बीजेपी की सरकार बनाना चाहते हैं। राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए बिप्लब देब ने कहा कि हरियाणा ने 10 साल कांग्रेस की सरकार देखी और 2014 में कांग्रेस को रिजेक्ट कर दिया। अब वही रिजेक्ट मॉल कांग्रेस फिर से परोस रही है, लेकिन जनता लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी डर गए हैं, इसलिए राहुल गांधी ने बाप-बेटे को सीएम का कैंडीडेट नहीं बनाया। टिकटों के मामले में भी कांग्रेस ने कुमारी सैलजा को एक और रणदीप सुरजेवाला के बेटे को टिकट देकर निपटा दिया। 

भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र पर तंज कसते हुए बिप्लब देब ने कहा कि हुड्डा तो सिर्फ अपने बेटे को सीएम बनाने की गारंटी दे सकते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा चुनाव के मैदान में और जन आशीर्वाद से तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के 20 हजार 629 बूथों पर भाजपा के कार्यकर्ता मजबूती से काम कर रहे हैं। बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में माहौल भाजपा के पक्ष में बना हुआ है।