पट्टी कल्याणा में बुधवार से भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर

राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, सीएम नायब सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित अन्य आला नेता रहेंगे मौजूद।

पट्टी कल्याणा में बुधवार से भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर

चंडीगढ़/रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 2 अप्रैल बुधवार से समालखा (पानीपत) के पट्टी कल्याणा में शुरू होगा। इस प्रशिक्षण शिविर में भाजपा जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

 

हरियाणा भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में होने वाले इस शिविर में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, सह-प्रभारी सुरेंद्र नागर, संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा सहित केंद्र व राज्य के मंत्रियों के अलावा केंद्रीय आईटी एवं सोशल मीडिया प्रमुख अमित मालवीय भी उपस्थित रहे कर अपने विचार साझा करेंगे।

 

प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी ने बताया कि समय-समय पर कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों की जानकारी देने व प्रशिक्षित करने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी हैं। नवनियुक्त जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों व मंडल अध्यक्षों को इस शिविर में संगठन के पदाधिकारियों और नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा। पदाधिकारियों को मीडिया, सोशल मीडिया व पार्टी की परिपाटी से अवगत कराया जाएगा। साथ ही, भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी जाएगी।