रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने

रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने

रोहतक, गिरीश सैनी। रक्षा बंधन की पूर्व संध्या पर एक कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बड़ी संख्या में बहनों ने राखी बांधी। रोहतक में भाजपा कार्यालय मंगल कमल में एक बैठक के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहनलाल बडौली को भी महिला कार्यकर्ताओं ने राखी बांधकर उनके सुखद भविष्य की कामना की। प्रदेश महामंत्री डॉ अर्चना गुप्ता ने भी मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को रक्षा सूत्र बांधते हुए  विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कामना की।

इससे पहले मुख्यमंत्री को एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने भी राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने भी उपस्थित सभी बहनों से रुककर राखी बंधवाई। मुख्यमंत्री ने बहनों के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज महिला कार्यकर्ताओं ने मेरी कलाई पर राखी बांधी है, जो मेरे जीवन की सबसे अनमोल पूंजी है। उन्होंने कामना करते हुए कहा कि प्रदेश की सभी बहनों के चेहरों पर खुशियां बनी रहे। 

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 10 वर्षों में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेकों योजनाएं चलाई है। सीएम  सैनी ने कहा कि महिलाएं और अधिक सशक्त हों, इसके लिए तीसरी बार सरकार बनने पर हरसंभव प्रयास किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने भी प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन पर्व की शुभकामनाएं दी।