नागरिक एनीमिया मुक्त भारत अभियान में दे पूर्ण सहयोगः एडीसी वैशाली सिंह

सिविल अस्पताल से एनीमिया मुक्त अभियान का किया शुभारंभ।

नागरिक एनीमिया मुक्त भारत अभियान में दे पूर्ण सहयोगः एडीसी वैशाली सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह ने जिले वासियों का आह्वान किया है कि वे एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत जिला रोहतक को एनीमिया मुक्त करने के लिए अपना पूर्ण सहयोग दें। हर नागरिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाये जा रहे स्टॉल पर पहुंचकर जांच करवाये। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगामी 100 दिन तक एनीमिया मुक्त अभियान के तहत लोगों की स्क्रीनिंग की जायेगी।

एडीसी वैशाली सिंह स्थानीय सिविल अस्पताल में एनीमिया मुक्त अभियान का शुभारंभ करने के उपरांत मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर रही थी। इससे पूर्व उन्होंने अस्पताल परिसर में स्थापित किये गए स्टॉल पर रिबन काटकर विधिवत रूप से एनीमिया मुक्त अभियान का शुभारंभ किया तथा अपनी उपस्थिति में दो बुजुर्गों की स्क्रीनिंग भी करवाई। इसके उपरांत उन्होंने अस्पताल परिसर का निरीक्षण का स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह ने कहा कि अनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व सिविल अस्पताल, गांव व वार्डों में स्टॉल लगाकर लोगों की खून की जांच की जायेगी। विभाग द्वारा स्क्रीनिंग के लिए शेड्यूल बनाकर इस बारे लोगों को जागरूक भी किया जायेगा ताकि वे निर्धारित कार्यक्रम अनुसार स्वास्थ्य स्टॉल पर पहुंचकर स्क्रीनिंग करवा सके। स्क्रीनिंग के दौरान एनीमिया अर्थात खून की कमी पाये जाने वाले व्यक्तियों को आयरन व फोलिक एसिड की टेबलेट दी जायेगी।

सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिन लोगों की स्क्रीनिंग की जायेगी। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग के लिए विभाग द्वारा टीमें गठित की गई है। विभाग द्वारा पेट के कीड़ों के नियंत्रण के लिए कृमी नाशक अभियान भी चलाया जाता है। इस दौरान उप सिविल सर्जन डॉ. संदीप सिंह, अनीमिया नोडल अधिकारी डॉ. राजबीर सभ्रवाल, डॉ. सतेंद्र वशिष्ठ, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधुलिका, सुरेश भारद्वाज, रेनू सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।