24 फरवरी को रोहतक में सीएम नायब सैनी जारी करेंगे संकल्प पत्र
कांग्रेस के विधायक भी नायब सरकार से प्रभावित होकर कर रहे हैं प्रशंसाः प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली

रोहतक, गिरीश सैनी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर 24 फरवरी को भाजपा अपना संकल्प पत्र जारी करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय से संकल्प पत्र जारी करेंगे। भाजपा के संकल्प पत्र में प्रदेश के विकास की तस्वीर दिखेगी।
प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि संकल्प पत्र जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र में कुछ मुद्दे पूरे प्रदेश से जुड़े हैं। हमने स्थानीय तौर पर अलग-अलग मुद्दों को लेकर संकल्प पत्र तैयार किया है। नगरपरिषद, नगरपालिका और नगर निगमों के जो स्थानीय मुद्दे हैं उन्हें जोड़ने का काम संकल्प पत्र में किया गया है। शनिवार को भाजपा कार्यालय मंगल कमल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि 2 मार्च को जनता कमल के फूल के निशान पर वोट करेगी और 12 मार्च को रिजल्ट एकतरफा भाजपा के पक्ष में आएगा। इस दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर सिंह खरक व जिला प्रभारी सतेंद्र परमार भी मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है, ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर प्रदेश में तेज गति से विकास के कार्य होंगे। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में माहौल भाजपा के पक्ष में है, जनता भी भाजपा की रीति-नीति और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हो रहे जनकल्याणकारी कार्यों से खुश हैं, इसलिए लोग 2 मार्च को कमल के फूल के निशान को ही दबाएंगे और ट्रिपल इंजन की सरकार बनाकर विकास की गति को तेज करेंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के मंत्र पर चलते हुए बिना भेदभाव के पूरे प्रदेश में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नायब सरकार से प्रभावित होकर कांग्रेस के विधायक भी सरकार की खूब प्रशंसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव के दौरान भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर जिला परिषद के पानीपत से चेयरमैन काजल और जींद से मनीषा ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन की है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अनेकों सरपंच, ब्लॉक समिति के चेयरमैन, पार्षद सरकार की नीतियों पर विश्वास करते हुए भाजपा ज्वाइन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना भेदभाव के काम करने वाली सरकार है। जहां भाजपा के विधायक नहीं है वहां भी सरकार समान रूप से काम करा रही है। ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर तीन गुणा गति से पूरे प्रदेश में विकास के कार्य होंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय के दो मार्च को चुनाव होने हैं, लेकिन अभी से ही 6 प्रत्याशी सर्वसम्मति से चुन लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 10 नगर निगमों में भाजपा के प्रत्याशी कमल के फूल के निशान पर चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं पांच नगरपरिषदों के चुनाव भी सिंबल पर लड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 14 नगरपालिकाओं में चेयरमैन के प्रत्याशी कमल के फूल के निशान पर चुनाव के मैदान में हैं। पुण्डरी में सभी पार्षद उम्मीदवार भाजपा के निशान पर चुनाव लड़ रहे हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहनलाल बड़ौली ने शनिवार को रोहतक में मेयर उम्मीदवार रामावतार वाल्मीकि व वार्ड नं 10 उम्मीदवार मेजर ज्योति बोहर, वार्ड नं 11 के उम्मीदवार राजेश प्रधान, वार्ड नं 20 के उम्मीदवार प्रवीण कौशिक और वार्ड नं 21 की उम्मीदवार रीना रानी के समर्थन में जनसभाओं को भी संबोधित किया। भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर लोगों में जो उत्साह देखा जा रहा है इससे तय है कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का मन जनता बना चुकी है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि 12 मार्च को भाजपा की पूर्ण बहुमत के साथ ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी और हर क्षेत्र में तेज गति से विकास के कार्य होंगे