हॉलिस्टिक कॉन्क्लेव में दिखा अध्यात्म, विज्ञान और ज्योतिष का संगम

पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा के लिए जुटे दिग्गज।

हॉलिस्टिक कॉन्क्लेव में दिखा अध्यात्म, विज्ञान और ज्योतिष का संगम

जयपुर, गिरीश सैनी। बदलते पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थर्ड आई न्यूज नेटवर्क और शख्सियत पत्रिका के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर के साइंस पार्क में दो दिवसीय ओम द हॉलिस्टिक कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस कॉन्क्लेव में अध्यात्म, विज्ञान, ज्योतिष, सामाजिक विद्वानों का अद्भुत संगम देखने को मिला। परिचर्चा में 8 सत्र आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में महामंडलेश्वर स्वामी  संगम गिरी महाराज, महंत मुकेश पुरी महाराज व स्वामी बालमुकुंद आचार्य का सानिध्य विशेष रूप से रहा। ऊर्ज़ा विज्ञान विशेषज्ञ, आयुर्वेदिक व प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. विनोद साहनी ने पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार साझे किए। इसके साथ ही बढ़ते जलवायु परिवर्तन के कारणों पर गहन मंथन हुआ।

दैनिक जीवन में कूड़ा निस्तारण, जल संरक्षण व बढ़ते वायु प्रदूषण पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा वक्ताओं ने आध्यात्मिक रूप से वातावरण को स्वच्छ रखने और बढ़ते डिप्रेशन की समस्या से बचने पर भी विमर्श किया। कार्यक्रम आयोजक डॉ. दीप्ति शर्मा ने अतिथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कार्यक्रम में इस अहम विषय पर हुए मंथन का लाभ जन जन तक पहुंचाने की जरूरत है। लोगों को स्वयं जागरूक होकर पर्यावरण को बचाना होगा।