विकास की बयार बहाने के लिए चुनावी साल का इंतजार करती रही कांग्रेस सरकारः आप नेता पीयूष शर्मा

विकास की बयार बहाने के लिए चुनावी साल का इंतजार करती रही कांग्रेस सरकारः आप नेता पीयूष शर्मा
पीयूष शर्मा।

जयपुर, गिरीश सैनी। राजस्थान में राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप और बयानबाजी भी बदलते घटनाक्रम के साथ अब विपक्षी एकजुटता के रूप में दिखाई दे रही है। सीएम अशोक गहलोत व सचिन पायलट का मनमुटाव अब लगभग खत्म हो गया है। कांग्रेस कमेटी की मीटिंग के बाद पायलट ने एकजुट होकर चुनाव जीतने और सरकार बनाने की बात कही।

वहीं भाजपा पीएम मोदी के दौरे से पूरी उत्साहित दिखाई दे रही है। इस बीच आम आदमी पार्टी भी प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए जोर आजमाइश मे लगी है। आम आदमी पार्टी के युवा नेता पीयूष शर्मा ने कहा कि कांग्रेसियों का मतभेद खत्म हुआ है या मन भेद जारी है, ये तो पता नहीं लेकिन गहलोत सरकार द्वारा चुनावी साल में लगातार नई योजनाओं के किए गए ऐलान का लाभ जनता को धरातल पर कितना मिला है, ये आगामी चुनाव में जनता ही बताएगी।

उन्होंने कहा कि आज भी कई योजनाओं और विकास का पैसा खर्च होने और अनुमति के इंतजार में रुका है। अगर सरकार को प्रदेश में विकास की बयार बहानी थी तो उसके लिए उन्होंने चुनावी साल का ही क्यों इंतजार किया। शर्मा ने कहा कि ये चुनावी वादे हकीकत बनने में कितना समय लेंगे ये पता नहीं लेकिन आम आदमी पार्टी का एक एक कार्यकर्ता उनकी सच्चाई राजस्थान के घर घर तक पहुंचाएगा। पीयूष शर्मा ने कहा कि जयपुर सहित कई शहरों के विकास का आवंटित पैसा अभी भी पूरी तरह योजनाओं में नहीं लग पाया है।