भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया कांग्रेस विधायक बतरा ने

कहा, जनता को नहीं भाजपा की किसी भी बात पर भरोसा। 

भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया कांग्रेस विधायक बतरा ने

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी एवं विधायक भारत भूषण बतरा ने वीरवार को भाजपा द्वारा जारी किए गये चुनावी घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि जनता को अब भाजपा की किसी भी बात पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि  भाजपा ने काम करने की बजाय प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया। 

वीरवार को रोहतक शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करते हुए बतरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर रोहतक शहर में न बारिश का पानी खड़ा होने दूंगा, और न ही जनता को एक दिन भी गंदा पानी पीने दूंगा। इससे  पहले उन्होंने भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल होने पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के भतीजे रमित खट्टर का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ये परिवर्तन की लहर है! जनता अब भाजपा के किसी भी वादे या बात पर यकीन नहीं करने वाली। 

उन्होंने कहा कि पूरे साढ़े नौ साल रोहतक शहर के लोग गंदा पानी पीने पर मजबूर हुए और बीमारियों का शिकार हुए। स्वच्छ पेयजल के लिए बार बार प्रदर्शन किए गए, लेकिन स्वच्छ पेयजल आज तक भी लोगों को नहीं मिला। अमृत योजना में भाजपा सरकार में जो सबसे बड़ा घोटाला हुआ, भाजपा के सांसद तक उसके लिए जांच की मांग करते रहे लेकिन जांच नहीं हुई। बतरा ने कहा कि उन्होंने  विधानसभा में लगातार अमृत घोटाले की जांच की मांग की , लेकिन सरकार मौन रही। भाजपा सरकार ने  वास्तविक मुद्दों पर कभी बात ही नहीं की। 

विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीयत और नीति दोनों में खोट है। भाजपा का दोहरा चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है और हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। उन्होंने जनता के साथ मिलकर रोहतक शहर का नवनिर्माण करने की बात कही।