सत्ता में आकर हरियाणा को लूटने का सपना देखना छोड़ दे कांग्रेस, तीसरी बार भाजपा सरकार आ रही है: धर्मेंद्र प्रधान 

तीन महीने बाद कांग्रेस के झूठ की नींव ढह जाएगी: मुख्यमंत्री नायब सैनी

सत्ता में आकर हरियाणा को लूटने का सपना देखना छोड़ दे कांग्रेस, तीसरी बार भाजपा सरकार आ रही है: धर्मेंद्र प्रधान 

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने अपने विधानसभा चुनाव प्रभारियों एवं विजेता सांसदों के नागरिक अभिनंदन समारोह से विधानसभा चुनाव में विजय के लिए आगाज कर दिया है। कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री और हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिपल्ब कुमार देब और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला।

रोहतक में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ को संबोधित करते हुए विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हरियाणा में 19 हजार 812 बूथ हैं, 7212 गांव हैं और 22 जिले हैं, लेकिन विधानसभ चुनाव के लिए हमारे पास सिर्फ 100 दिन हैं। कांग्रेस ध्यान रखे कि अब तो 20-20 का जमाना है। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा में सरकार बनाकर प्रदेश को फिर से लूटने का मुगालता छोड़ दे, क्योंकि हरियाणा में भाजपा तीसरी बार जनता की सेवा करने के लिए सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के षडयंत्र को समझे, कांग्रेस बहरूपिया है। कांग्रेस के शासनकाल के दौरान हरियाणा में दलित परिवारों, किसानों, वंचितों और अंबेडकर के संविधान के साथ हुए अत्याचारों को प्रदेश की जनता भूली नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यहां से संकल्प लेकर जाना है कि जब तक हरियाणा में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं बनेगी, तब तक रुकेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की प्रगति के बिना देश की प्रगति संभव नहीं। उन्होंने कहा कि तीन साल के अंदर 2027 तक भारत दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेंगा और इस अर्थव्यवस्था में हरियाणा के छोरों और छोरियों को बड़ा हिस्सा मिलेगा। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की लूट खसोट, दलित विरोधी और परिवारवाद का शासन नहीं आने देंगे।  इसलिए सभी भाजपा के कार्यकर्ता आज से ही जुट जाएं और हरियाणा में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएं। 

केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि महाभारत की इस इतिहास रचने वाली भूमि ने हमें जो स्नेह दिया उसके हम सदा आभारी रहेंगे। आप ही के समर्थन से पिछले 10 साल से गरीबों, किसानों की सरकार बनी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हरियाणा का मान ऊपर रखा और अब हरियाणा के सपूतों को बड़ी जिम्मेदारी दी है। विधानसभा चुनाव के लिए हम सभी को कमर कसनी पड़ेगी, क्योंकि भाजपा की सरकार हरियाणा में तीसरी बार बनानी है। यह कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से ही संभव होगा। 

हरियाणा भाजपा चुनाव सह प्रभारी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिपल्ब कुमार देब ने कहा कि चार माह से कांग्रेस यह बात फैला रही है कि हरियाणा में सरकार बदलेगी, लेकिन भाजपा और प्रदेश की जनता ने तय कर लिया है कि हरियाणा में कोई बाप-बेटे की सरकार नहीं बनेगी, सरकार बनेगी तो गरीब-किसान की सरकार बनेगी। बिप्लब ने कहा कि बाप-बेटा सत्ता में आने की जो आस लगाए बैठे हैं उन्हें कह देना चाहते हैं कि हम मनोहर लाल के रूप में करंट मंत्री को अपने साथ लेकर आए हैं। मनोहर लाल के पास बिजली के अलावा शहरी विकास मंत्रालय भी है और वे हरियाणा को सजाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। 

बिप्लब देब ने भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चार महीने हरियाणा में नहीं आया तो बाप बेटे को लगा कि हम चले गए हैं, लेकिन हम फिर आ गए नए जोश के साथ। भाजपा किसी एक परिवार के साथ नहीं चलने वाली, हम किसान मजदूर के साथ चलने वाले लोग हैं। देब ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा लोगों को बहकाने लगे हैं कि हरियाणा को चमकाएंगे, लेकिन 10 साल जनता ने हरियाणा में कांग्रेस की जब सरकार बनाई थी तो

आपने क्या किया? अपने शासनकाल को खंगालकर देखें तो पता चलेगा कि उस समय हरियाणा में जंगल राज था।
केंद्रीय बिजली एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने हथकंडे फैलाए, कुछ लोग उनकी बातों में फंस गए। अब विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ऐसे हथकंडे अपनाएगी। कुछ नई झूठी बातें भी लेकर वे आ सकते हैं, लेकिन आपको उनकी बातों से सावधान रहना है। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं लेने दिया गया,

नागरिक अभिनंदन समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान भगवान जगन्नाथ की विजय का रथ हरियाणा लेकर आए हैं। देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मजबूती से आगे बढ़ रहा है हरियाणा भी उनके साथ मजबूती से चलेगा। हरियाणा में भी तीसरी बार भाजपा की सरकारा बनेगी, उसका आगाज आज रोहतक से हो गया है। नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह झूठ का सहारा लेकर अपनी नींव खड़ी की है, आने वाले तीन महीने के बाद वो नींव हरियाणा में ढह जाएगी और भाजपा तीसरी बार हरियाणा में आएगी। हरियाणा की जनता ने संकेत दिया है कि इस बार फिर भाजपा को जिताएंगे, क्योंकि 10 साल में भाजपा ने महिलाओं, युवाओं, किसानों के हित में काम किया है, उसी का परिणाम है कि कांग्रेस का झूठ अब चलने वाला नहीं। भाजपा का हर कार्यकर्ता जनता के बीच में कांग्रेस के झूठ का नक़ाब उतारेगा। 

केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

राष्ट्रीय सचिव दलष ओमप्रकाश धनखड़, संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ सुधा यादव, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, सांसद धर्मवीर सिंह, सांसद नवीन जिंदल, पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, वरिष्ठ नेता रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री किरण चौधरी, कृषि मंत्री कंवर पाल गुर्जर, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा प्रदेश महामंत्री मोहन बड़ौली, पीडब्ल्यूडी मंत्री डॉ बनवारी लाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व सांसद संजय भाटिया, शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, सिंचाई मंत्री अभय सिंह यादव, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पवार एवं सुभाष बराला, वित्त मंत्री जेपी दलाल, सांसद कार्तिक शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंच संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता ने किया।