झूठ बोलकर सत्ता पर काबिज होना चाहती है कांग्रेस: डॉ अरविंद शर्मा

भाजपा प्रत्याशी ने पूर्व मंत्री ग्रोवर के साथ रोहतक शहर में किया जनसंपर्क। 

झूठ बोलकर सत्ता पर काबिज होना चाहती है कांग्रेस: डॉ अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के बहकावे में आने वाले नहीं है और कांग्रेस सत्ता हथियाने के लिए झूठ बोल रही है। लेकिन अब प्रदेश की जनता समझदार है और वह यह जानती है कि कौन उसका भला कर सकता है और कौन नहीं। डॉ शर्मा ने कहा कि रोहतक लोकसभा सीट पर हुड्डा पिता-पुत्र को पहले ही हार का अंदेशा हो गया है, जिसके चलते वह झूठ पर झूठ बोलने में लगे हुए है। पहले उन्होंने सांसद निधि को लेकर झूठा प्रचार-प्रसार किया और अब एक झूठे सर्वे को वायरल कर रहे है, लेकिन उनकी बातों पर अब कोई विश्वास नहीं करेगा। 

भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने किसानों, गरीब मजदूरों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों, युवाओं की समस्याओं का निदान करने के लिए योजनाएं बनाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार खत्म हो चुका है और कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव से पहले ही हार के डर से हिम्मत हार चुके है। 

मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद शर्मा ने पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के साथ रोहतक शहर में जनसंपर्क अभियान चलाकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया और अब लाभार्थियों के खाते में सीधे सरकार की योजनाओं का पैसा पहुंच रहा है, जबकि पिछली सरकारों के दौरान भ्रष्टाचार का बोल-बाला था। उन्होंने कहा कि रोहतक को फाटक मुक्त शहर बना दिया गया है। रोहतक महम-हांसी रेल लाइन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में भाजपा सरकार ने इस रेल लाइन के लिए बजट की मंजूरी प्रदान की थी। इसी प्रकार से झज्जर-रेवाड़ी रेल लाइन की मंजूरी तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल के दौरान मिली थी और साथ ही अब भाजपा सरकार ने रेवाडी में एम्स की भी सौगात दी है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए तो भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को भ्रष्टाचार से फुर्सत मिली नहीं और अब लोगों को समस्याओं के नाम पर गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस शासनकाल के दौरान परिवारवाद व भ्रष्टाचार को जिस तरह से बढ़ावा दिया गया है, उसे प्रदेश की जनता कभी भूल नहीं सकती है। उन्होंने दावा किया कि इस बार रोहतक सीट पर भाजपा पहले से अधिक अंतर से जीत दर्ज करेगी।