कांग्रेस कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना करेगी लागूः राजू मान

कांग्रेस कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना करेगी लागूः राजू मान

चरखी दादरी, गिरीश सैनी। अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक राजू मान ने शनिवार को स्थानीय हाथी पार्क में पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति के बैनर तले जारी कर्मचारियों के धरना- प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का हक है और मौजूदा सरकार ने इसे बहाल नहीं किया तो होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद जन सहयोग से बनने वाली कांग्रेस सरकार में कर्मचारियों की पुरानी पेंशन पहली कलम से बहाल की जाएगी।

मान ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने पार्टी द्वारा जारी संकल्प पत्र में पुरानी पेंशन लागू करने को अहम स्थान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है वो पूरा करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक, राजस्थान, छतीसगढ़, हिमाचल में जब भी कांग्रेस ने सत्ता सम्भाली वहां कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ दिया गया लेकिन भाजपा की सरकारों ने कर्मचारियों का शोषण करने को कोई कसर नहीं छोड़ी।

किसान नेता राजू मान ने कहा कि कर्मचारियों का इस भीषण गर्मी में बहाया पसीना व्यर्थ नहीं जाएगा और सरकार को झुकना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी सरकार की आंख और कान होते हैं। सरकार को इनकी अनदेखी महंगी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से कर्मचारियों के संघर्ष में उनके साथ है।