प्रदेश से खत्म हो गया कांग्रेस का जनाधारः कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा
रोहतक में किया भाजपा के मेयर प्रत्याशी व पार्षदों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित।

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सहकारिता, पर्यटन व कारागार मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा झूठे आंकड़े पेश करने में माहिर है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी हुड्डा ने भ्रम फैलाया था कि सांसद निधि से डॉ अरविंद शर्मा ने ग्रांट खर्च नहीं की, जबकि करीब 17 करोड़ की जारी ग्रांट के आंकड़े सामने रखे तो कांग्रेस की बोलती बंद हो गई थी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अब हुड्डा बताएं कि उन्होंने सांसद निधि का कितना बजट खर्च किया है।
डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश से कांग्रेस का जनाधार खत्म हो गया है और कांग्रेस नेताओं के पास अब कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए अनाप-शनाप ब्यानबाजी करते है। सरकार बनाने का दावा करने वाले पिता-पुत्र की जोड़ी फ्लाप हो चुकी है और कांग्रेस पार्टी में भी उनका जिक्र नहीं होता।
बुधवार को कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भाजपा मेयर प्रत्याशी राम अवतार वाल्मीकि व पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में नगर निगम के शहरी व ग्रामीण वार्डों में जनसभाओं को संबोधित किया। बोहर, बलियाणा, खेड़ी साध, पहरावर, सुनारिया में आयोजित सभाओं में आमजन को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जिस तरह संकल्प पत्र जारी किया, उसी तरह नगर निगम के लिए जारी संकल्प पत्र में भी हर वर्ग का ध्यान रखते हुए युवा, किसान, गरीब परिवार, छात्र व सफाई कर्मचारी सहित सभी को मजबूत करने के लिए भाजपा ने संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार से विकास कार्यों में तेजी आएगी।
कैबिनेट मंत्री डॉ शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के चार माह के बाद भी कांग्रेस प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष का फैसला तक नहीं कर पाई है, जिससे साफ है कि कांग्रेस को जनता से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली का प्रदेश का जन-जन कायल हो चुका है। प्रदेश की जनता के लिए मुख्यमंत्री आवास के दरवाजे 24 घंटे खुले हैं।