छेड़छाड़ करने वाले व मनचले युवकों का डाटा किया जा रहा एकत्रितः उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र

छेड़छाड़ करने वाले व मनचले युवकों का डाटा किया जा रहा एकत्रितः उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र

रोहतक, गिरीश सैनी। पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग के दिशानिर्देशों अनुसार सेफ सिटी अभियान के तहत उप पुलिस अधीक्षक विरेन्द्र सिंह ने राजकीय महिला कॉलेज में प्राचार्य व कॉलेज स्टाफ के साथ बैठक की। इस दौरान प्रभारी महिला थाना निरीक्षक प्रोमिला व महिला पुलिस टीम मौजूद रही। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आयोजित इस बैठक में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विचार विमर्श किया गया। उप पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को 112 इंडिया एप बारे अवगत कराने व विस्तार से जागरूक करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर के आस-पास या छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले मनचलों का डाटा एकत्रित किया जा रहा है व हॉटस्पॉट चिन्हित किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस द्वारा पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी।

प्रभारी महिला थाना निरीक्षक प्रोमिला ने महारानी किशोरी कन्या कॉलेज में छात्राओं को महिला विरुद्ध अपराध बारे जागरूक किया गया। छात्राओं के मोबाइल फोन में दुर्गा शक्ति एप व 112 इंडिया एप इंस्टॉल करवाया गया। प्रभारी महिला थाना ने कहा कि कोई भी महिला व लड़की गूगल प्ले स्टोर या एप्पल स्टोर से 112 इंडिया ऐप डाउनलोड कर सकती है। ऐप द्वारा रजिस्ट्रेशन करने से किसी भी विकट स्थिति में डायल 112 पर कॉल करने पर आपका विवरण पहले से मौजूद होगा व आपकी लोकेशन के हिसाब से निकटतम ईआरवी आपके जल्द से जल्द आपकी सहायता के लिये पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि एप के माध्यम से शिकायत दर्ज करने पर ऐप द्वारा ऑटोमेटिक तरीके से आपकी लोकेशन उठा ली जाएगी व पैनिक बटन दबाते ही नजदीकी ईआरवी के पास आपकी लोकेशन भेज दी जाएगी जो तुरंत आपके पास सहायता करने के लिए पहुंचेगी। सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक महिला के फोन में दुर्गा शक्ति ऐप, 112 इंडिया एप होनी बहुत जरूरी है। दुर्गा शक्ति ऐप व 112 इंडिया एप की सहायता से आप एक क्लिक पर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकते है।