वोट प्रतिशत कम होने के बाजवूद भी बड़े मार्जिन से 10 की 10 सीटें जीत रही है भाजपा: सुभाष बराला

कहा, मतदान कम होना राजनीतिक पार्टियों के लिए समीक्षा का विषय। 

वोट प्रतिशत कम होने के बाजवूद भी बड़े मार्जिन से 10 की 10 सीटें जीत रही है भाजपा: सुभाष बराला

रोहतक, गिरीश सैनी। लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने मंगलवार को रोहतक में दावा करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर भाजपा 10 की 10 लोकसभाओं के साथ-साथ करनाल विधानसभा उपचुनाव को बड़े मार्जिन से जीत रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले चुनावों की अपेक्षा इस बार मतदान कम हुआ है, यह सभी राजनीतिक पार्टियों के लिए समीक्षा का विषय है। 

रोहतक स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बराला ने कांग्रेस पर भी तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने चुनाव में झूठ बोलकर मतदाताओं और समाज को गुमराह करने का खूब प्रयास किया, लेकिन ना तो मतदाता इनके झांसे में आया और ना ही वोटरों ने कांग्रेस की बातों पर विश्वास किया। बराला ने तपती गर्मी में 25 मई को हुए मतदान के लिए जनता का आभार जताया और मीडियाकर्मियों का भी धन्यवाद किया।

सुभाष बराला ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पूरी जी जान से मेहनत की है।राज्यसभा सांसद ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं का प्रचार किया और मतदाता पर्ची बांटने तक का काम किया है। चुनाव के दौरान हर बूथ पर लगभग 14 हजार 500 बैठकें हुईं। इसके अलावा लगभग 16 हजार बूथों पर डोर टू डोर कार्यक्रम संपन्न हुए। कार्यकर्ताओं के कारण जनता का झुकाव भाजपा की तरफ रहा। 

उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने पारदर्शी शासन व्यवस्था लागू की, जिसका फायदा युवाओं को मिला। बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवा मैरिट के आधार पर नौकरी लगे। एक सवाल के जवाब में बराला ने कहा कि 2019 के मुकाबले इस बार लगभग 4 प्रतिशत मतदान कम रहा है। हालांकि मतदान ज्यादा होना चाहिए था। उन्होंने दावा किया कि मतदान कम होने के बावजूद भी भाजपा 10 प्लस एक सीट 100 प्रतिशत जीत रही है। एक अन्य सवाल के जवाब में बराला ने कहा कि चुनाव के दौरान कर्मचारियों या अधिकारियों की कोई लापरवाही का मामला है तो जांच के बाद कड़ी कार्रवाई होगी।  

ईवीएम पर पूछे गए एक अन्य सवाल पर बराला ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि नाच न जाने आंगन टेड़ा वाली बात कांग्रेस पर चरितार्थ हो रही है। देश और प्रदेश में सही तरह से कांग्रेस ने अभियान चलाया नहीं। कौन प्रधानमंत्री बनेगा इसकी चर्चा तक विपक्ष ने नहीं की। अब विपक्ष के पास हार का ठीकरा फोड़ने के लिए ईवीएम ही बची है।

सरपंचों के बारे में पूछे गए सवाल पर सुभाष बराला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरपंच प्रतिनिधियों से बातचीत हुई है। ई-टैंडरिंग के मामले में अगर कोई त्रुटि है तो सरकार उसे दूर करेगी। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास कराने के लिए नायब सरकार प्रतिबद्ध है। इस दौरान भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक सहित अन्य मौजूद रहे।