भौतिकता की चकाचौंध में अपना मूल लक्ष्य न भूलेः कुलपति प्रो सुदेश

महिला विवि में संस्कार सम्मान समारोह आयोजित।

भौतिकता की चकाचौंध में अपना मूल लक्ष्य न भूलेः कुलपति प्रो सुदेश

खानपुर कलां, गिरीश सैनी। बीपीएस महिला विवि महान शिक्षाविद् भगत फूल सिंह एवं उनकी पुत्री पद्मश्री बहन सुभाषिणी देवी की तपोस्थली है। यह विवि उनके बलिदान और उनकी प्रेरणा से नारी शिक्षा व सशक्तिकरण में जन भागीदारी का जीवंत उदाहरण है। यह उद्गार भगत फूल सिंह महिला विवि की कुलपति प्रो सुदेश ने बुधवार को भगत फूल सिंह के 82वें बलिदान दिवस तथा पद्मश्री सुभाषिणी देवी की 110वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए व्यक्त किए।

विवि के शैक्षणिक खंड-1 स्थित संस्कारम सभागार में आयोजित संस्कार सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कुलपति प्रो सुदेश ने कहा कि शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं समन्वय के साथ नारी शिक्षा और सशक्तिकरण के मूल उद्देश्य को पूरा करने के लिए विवि प्रशासन लगातार प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि हमें भौतिकता की चकाचौंध में अपना मूल लक्ष्य नहीं भूलना चाहिए, यही उन महान आत्माओं को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कुलपति प्रो सुदेश ने अपने प्रभावशाली संबोधन में ओलंपिक विजेता मनु भाकर का उदाहरण देते हुए छात्राओं को प्रेरित किया कि वे अपने टैलेंट को तराशें और सफलता की उड़ान भरें। उन्होंने उपस्थित जन से त्याग की भावना विकसित करने और पूर्ण ऊर्जा के साथ मेहनत करने का आह्वान किया।   

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात छात्राओं ने भगत फूल सिंह एवं पद्मश्री सुभाषिणी देवी के जीवन संस्मरणों को शब्द चित्र एवं नाटिका के माध्यम से जीवंत किया। छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुत जोशीले नृत्य ने उपस्थित जन का मन मोह लिया।

इस दौरान कुलपति प्रो सुदेश ने पद्मश्री सुभाषिणी देवी शोध पीठ के तत्वावधान में रचित पत्रिका -सुभाषिता का विमोचन भी किया।

डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो संकेत विज, कार्यवाहक कुलसचिव प्रो श्वेता सिंह, प्रो इप्शिता बंसल, प्रो अशोक वर्मा, प्रो रविभूषण व डॉ सुमन दलाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम संचालन का दायित्व डॉ महेश कौशिक ने बखूबी निभाया।

इससे पहले प्रातःकाल विवि यज्ञशाला में आयोजित हवन-यज्ञ कार्यक्रम में कुलपति प्रो सुदेश तथा प्रो हवा सिंह ने मुख्य यजमान के रूप में आहुति डाली। बहन शकुंतला देवी ने पूरे विधि विधान से यज्ञ संपन्न कराया। हवन के पश्चात कुलपति व अन्य अतिथियों ने विवि परिसर स्थित भगत फूल सिंह एवं पद्मश्री सुभाषिणी देवी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान बहन कमला देवी, ज्ञानवती, ब्रह्मवती, साहिब कौर, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो संकेत विज, कार्यवाहक कुलसचिव प्रो श्वेता सिंह, चीफ वार्डन डॉ सुमन दलाल, उपकुलसचिव डॉ नीलम मलिक, कन्या गुरुकुल की प्राचार्या सुमिता सिंह सहित विभिन्न संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, शोधार्थी, विद्यार्थी, गैर शिक्षक कर्मचारी एवं छात्राएं मौजूद रही।