डबल इंजन सरकार लोगों के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में कर रही है कार्य: मुख्यमंत्री नायब सिंह

गरीब लोगों को 100-100 गज के प्लॉट का कब्जा व दस्तावेज सौंपे गए। 

डबल इंजन सरकार लोगों के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में कर रही है कार्य: मुख्यमंत्री नायब सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लोगों के जीवन को सुगम बनाने के लिए अनेक कदम उठाये गए है। प्रदेश में डबल इंजन सरकार द्वारा 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। गरीब लोगों को 100-100 वर्ग गज के प्लॉट का कब्जा व दस्तावेज सौंपे गए है। शेष पात्र लोगों के खाते में सरकार द्वारा एक-एक लाख रुपये की राशि डाली जायेगी, ताकि वे 100-100 वर्ग गज के प्लॉट खरीद सके। वर्तमान में गरीब लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। प्रदेश सरकार द्वारा उनके कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने स्थानीय बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के बाद प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल वही वायदे करती है जो पूरे किये जा सके। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 10 वर्ष के शासनकाल के दौरान जनता से किये वायदे पूरे नहीं किये। कांग्रेस शासनकाल के दौरान न तो पर्याप्त बिजली मिलती थी तथा गैस सिलेंडर भी बुकिंग के तीन दिन बाद ही उपलब्ध होता था। उन्होंने कहा कि गत दिनों सरकार द्वारा श्रमिक कल्याण के लिए उनके खातों में लंबित लाभ की 80 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। बेटी की शादी के लिए सरकार द्वारा शादी के तीन दिन पूर्व ही राशि भिजवाई जा रही है।

सीएम नायब सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में पूर्ण बहुमत सरकार बनायेगी। प्रदेश की जनता ने डबल इंजन सरकार द्वारा बिना पर्ची-बिना खर्ची के रोजगार तथा प्रदेश के समान विकास के आधार पर भारतीय जनता पार्टी को तीसरी बार समर्थन देने का मन बना लिया। प्रदेश की जनता में उत्साह और जोश है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा को 5 सीटों पर विजय प्राप्त हुई है तथा करनाल विधानसभा उप चुनाव में भी पार्टी ने भारी अंतर से विजय प्राप्त की है। लोकसभा चुनाव में पार्टी का वोट बैंक बढ़ा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के मार्गदर्शन में विधानसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत हो चुकी है तथा पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों को सरकार की योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि गत 20 जून को उन्होंने हिसार में 544 करोड़ रुपये की धनराशि के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया है। इन विकास कार्यों में महाराजा अग्रसेन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के दूसरे चरण के विकास कार्य भी शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मतदाता सूचियों से मृत मतदाताओं के नाम हटाये जायेंगे।