मीडिया क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दादा साहेब फाल्के अवार्ड से सम्मानित हुई डॉ. दीप्ति शर्मा

मीडिया क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दादा साहेब फाल्के अवार्ड से सम्मानित हुई डॉ. दीप्ति शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। श्री दादा साहेब फाल्के सिने आर्टिस्ट एंड टेक्निकल एसोसिएशन, मुंबई द्वारा मुंबई में अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर वर्ष 2024 के लिए डॉ दीप्ति शर्मा को मीडिया के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री दादा साहेब फाल्के अवार्ड से सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि डॉ दीप्ति शर्मा 30 से भी अधिक वर्षों से मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। मीडिया के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के साथ ही वे निरंतर लोगों को मोटिवेट भी कर रही हैं। डॉ दीप्ति एक नेचुरोपैथी चिकित्सक के रूप में भी समाज की सेवा में अपना योगदान दे रही हैं। वे विभिन्न राष्ट्रीय चैनलों जैसे सोनी, दूरदर्शन, जी नेटवर्क, यूटीवी, डिस्कवरी, न्यूज़-18  आदि के लिए काम कर चुकी हैं। उन्होंने 2000 से भी ज्यादा टीवी शो तथा 800 से अधिक स्टेज शो एंकर किए हैं। इससे पूर्व डॉ दीप्ति शर्मा इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड से भी सम्मानित हो चुकी हैं। इस सम्मान समारोह में अभिनेता भारत दाबोलकर, अभिनेत्री मेघना मलिक, सुप्रिया शुक्ला, फिल्म निदेशक तुषार त्यागी आदि को भी सम्मानित किया गया।