हिंदू शिक्षण संस्था के प्रधान सहित 21 सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव मार्च में होगाः सुदर्शन धींगड़ा

जनरल बॉडी चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर का आभार जताया।

हिंदू शिक्षण संस्था के प्रधान सहित 21 सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव मार्च में होगाः सुदर्शन धींगड़ा

रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ मंगल सैन द्वारा स्थापित स्थानीय हिंदू शिक्षण संस्थान के आगामी 16 फरवरी, 2025 को होने वाले जनरल बॉडी के चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हो गए। इस आशय की जानकारी संस्था के प्रधान सुदर्शन धींगड़ा ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। इस दौरान पूर्व प्रधान एडवोकेट राजेश सहगल सहित अश्वनी खुराना, जितेंद्र मेहता, श्याम कपूर, सुनील कुमार आहूजा, दिनेश कुमार दुआ, हिंदू कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनिल कुमार तनेजा, एचआईएमटी के निदेशक डॉ हितेश ढल सहित प्रबंध समिति के अन्य पदाधिकारी, शिक्षक व गैर-शिक्षक अधिकारी मौजूद रहे।

प्रधान सुदर्शन धींगड़ा ने बताया कि 16 फरवरी को होने वाले चुनाव में संस्था के 999 आजीवन सदस्यों में से 100 सदस्यों का चुनाव होना था, जिसके लिए कुल 115 सदस्यों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। मंगलवार को इनमें से 15 सदस्यों ने अपना नामांकन वापस ले लिया और सर्वसम्मति से 100 सदस्य चुने गए। चुनाव अधिकारी एन.एन.गिरोत्रा एडवोकेट द्वारा इस आशय की आधिकारिक घोषणा 16 फरवरी को की जाएगी। उसके बाद आम सभा की एक बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्य चुने जाने को लेकर आगामी कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। प्रधान सुदर्शन धींगड़ा ने बताया कि प्रधान, उप-प्रधान, महासचिव एवं कोषाध्यक्ष सहित 21 सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव मार्च माह के अंत तक संपन्न करवाया जाएगा।

इस दौरान पूर्व प्रधान एडवोकेट राजेश सहगल ने जनरल बॉडी के चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न करवाने के लिए पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर सहित संस्था के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा जताई कि प्रधान सहित अन्य पदाधिकारियों का चुनाव भी सर्वसम्मति से संपन्न होगा।