रोहतक में इलेक्ट्रिक वाहनों के पुर्जे बनाने के लिए ईवी पार्क करेंगे विकसितः पूर्व मंत्री ग्रोवर

कहा, चुनाव के समय झूठ बोल कर जनता को ठगते हैं कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल।

रोहतक में इलेक्ट्रिक वाहनों के पुर्जे बनाने के लिए ईवी पार्क करेंगे विकसितः पूर्व मंत्री ग्रोवर

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व मंत्री और रोहतक से भाजपा प्रत्याशी मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि हर जिले का विकास करना ही भाजपा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि रोहतक के विकास पर भी हमारा विशेष फोकस रहेगा।

शुक्रवार को रोहतक में पत्रकारों से बात करते हुए ग्रोवर ने कहा कि रोहतक में इलेक्ट्रिक वाहनों के पुर्जे बनाने के लिए ईवी पार्क विकसित किया जाएगा। रोहतक में ओबीसी, एससी और ईडब्ल्यूएस छात्रों के लिए मुफ्त कोचिंग और आवास के साथ एक सिविल सेवा कोचिंग सेंटर भी बनाया जाएगा। उन्होंने भाजपा नेतृत्व को पूरे हरियाणा के साथ-साथ रोहतक जिले को विकास की सौगात देने और जनता की आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान रखने के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। इस दौरान प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, भाजपा नेता एडवोकेट महाराज सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा ने 2014 और 2019 के अपने संकल्प पत्र के प्रत्येक संकल्प को पूरा किया, उसी प्रकार इस बार के संकल्प पत्र का हर संकल्प भी योजनाबद्ध तरीके से पूर्ण होगा। उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सभी विपक्षी दल चुनावों के समय झूठ बोल कर जनता को ठगने का काम करते हैं। ग्रोवर ने याद दिलाया कि किस प्रकार लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने झूठ बोला कि तीसरी बार सरकार में आते ही भाजपा आरक्षण को खत्म कर देगी। कांग्रेस ने लोगों को ठकाठक-ठकाठक 8500 रुपये खातों में प्रति देने का लालच दिया। हालांकि जनता ने इनके झूठों को हमेशा नकारा है और आगे भी नकारती रहेगी।

 

ग्रोवर ने कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा और शमशेर सिंह गोगी के विवादित बयानों पर कहा कि कांग्रेस का असली घोषणापत्र तो कोटे में वोटों के बदले नौकरी बांटने का और भ्रष्टाचार करके खुद का घर भरने का है। कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों कांग्रेस की मंशा साफ जाहिर कर दी है कि कांग्रेस एक भ्रष्टाचारी पार्टी है। कांग्रेस से कुमारी सैलजा की नाराजगी के बारे में एक सवाल के जवाब में ग्रोवर ने कहा कि जिस प्रकार के अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कांग्रेस नेताओं द्वारा कुमारी सैलजा के लिए किया गया है, वह निंदनीय है। हरियाणा और देश भर का पिछड़ा समाज इस घटना के कारण कांग्रेस से आहत है।

 

मनीष ग्रोवर ने भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र में रोहतक जिले के लिए किए गए विशेष प्रावधानों पर चर्चा करते हुए बताया कि रोहतक के सर्वांगीण विकास के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के पुर्जे बनाने वाले ईवी पार्क विकसित करने का संकल्प लिया है। इसके अलावा रोहतक में ओबीसी, एससी और ईडब्ल्यूएस छात्रों के लिए मुफ्त कोचिंग और आवास उपलब्ध एक सिविल सेवा कोचिंग सेंटर भी बनाया जाएगा, जिससे पिछड़े समाज के युवाओं को सिविल सेवाओं में जाने के पर्याप्त अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि रोहतक में विश्ववकर्मा कौशल विवि से संबंधित एक महाविद्यालय की भी स्थापना की जाएगी। जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य के लिए रोहतक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जाएगा, साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाते हुए सिविल अस्पताल में आई.सी.यू. भी बनाया जाएगा।

 

पूर्व मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए सिविल अस्पताल में 100 बिस्तरों की संख्या बढ़ा कर उसे अपग्रेड किया जाएगा, और सिटी स्कैन, एम.आर.आई. व कार्डियोलॉजी सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। महिलाओं के सामाजिक और राजनीतिक विकास को सुनिश्चित करने की मंशा से रोहतक के हर गांव में एक महिला चौपाल बनाई जाएगी। अति वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य लाभ को ध्यान में रखते हुए सेवा केंद्र बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रोहतक जिले में ओलंपिक खेलों के लिए खेल नर्सरी और आबादी के हिसाब से एक् अत्याधुनिक सभागार बनाने का भी निर्णय लिया गया है। साथ ही “दृष्टि केंद्र“ नाम से रोहतक में जिला कमांड नियंत्रण केंद्र स्थापित किया जाएगा जो सरकारी सेवाओं का बेहतर समन्वय और वितरण सुनिश्चित करने में सहायक होगा।