11 से 15 अगस्त तक चलाया जाएगा हर घर तिरंगा अभियानः उपायुक्त अजय कुमार

11 से 15 अगस्त तक चलाया जाएगा हर घर तिरंगा अभियानः उपायुक्त अजय कुमार

अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 11 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियां आयोजित कराई जायेगी।

उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के दौरान घर-घर तिरंगा झंडा फहराया जायेगा तथा लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय तिरंगा झंडा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा। इस दौरान आयोजित की जाने वाली गतिविधियों में तिरंगा यात्रा, मैराथन, तिरंगा एंथम, तिरंगा शपथ, तिरंगा सेल्फी, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान, तिरंगा मेलों का आयोजन, डिजिटल कैंपेन, कैनवास फोटो, तिरंगा के साथ सेल्फी, ध्वजारोहण, केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की फिल्म का प्रदर्शन, हर घर तिरंगा एंथम, तिरंगा वितरण आदि शामिल है।

उपायुक्त अजय कुमार के निर्देशानुसार नगराधीश अंकित कुमार तथा जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन के लिए राजीव गांधी खेल स्टेडियम परिसर में 17 विद्यालयों की टीमों की प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। इन टीमों में से समारोह के लिए टीमें चयनित की जायेगी। राजीव गांधी खेल स्टेडियम परिसर में 17 विद्यालयों की टीमों ने शानदार प्रस्तुतियां दी। नगराधीश अंकित कुमार ने प्रतिभागी टीमों के प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी करवाएं।