एमडीयू के फ्लावर फेस्ट- रंग बहार में महकेगी हरियाणवी संस्कृति की खुशबू

एमडीयू के फ्लावर फेस्ट- रंग बहार में महकेगी हरियाणवी संस्कृति की खुशबू
Source: IANS

रोहतक, गिरीश सैनी। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (मदवि) में 6 मार्च को आयोजित किए जाने वाले फ्लावर फेस्ट- रंग बहार में विकसित भारत @2047 की झलक दिखेगी, वहीं हरियाणा संस्कृति की खुशबू भी महकेगी। एफडीसी भवन के लॉन में आयोजित होने वाले इस पुष्प उत्सव में सतरंगी फूलों की छटा बिखरेगी। इस रंग-बिरंगे फूल उत्सव का शुभारंभ बतौर मुख्यातिथि हरियाणा के राज्यपाल एवं एमडीयू के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय करेंगे।

कुलपति प्रो. राजबीर सिंह के दिशा-निर्देशन में रंग बहार कार्यक्रम के शानदार आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। एमडीयू में खिली विभिन्न फूलों की विभिन्न प्रजातियां इस कार्यक्रम की सुंदरता में चार चांद लगाएंगीं। इस आयोजन की कंवीनर बॉटनी विभागाध्यक्ष प्रो. विनिता हुड्डा ने बताया कि इस शानदार उत्सव के आयोजन को लेकर एमडीयू परिवार दिन-रात तैयारियों में जुटा है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. रणदीप राणा ने बताया कि रंग बहार कार्यक्रम गत वर्ष की तरह इस बारे भी खुशियों की महक बिखेरेगा।

निदेशक युवा कल्याण डॉ.जगबीर राठी ने कहा कि रंग बहार कार्यक्रम में नेस्ट मेकिंग तथा बोनसाई मेकिंग कार्यशालाएं मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। इस रंग बहार इवेंट में फ्रेश फ्लावर, फ्लोरल एक्जीबिट्स, फोलिएज प्लांटस, बोनसाई, कैक्टस, रंगोली, फोटोग्राफी, पेंटिंग, वेजिटेबल कार्विंग, आन द स्पॉटर रील मेकिंग, बेस्ट नर्सरी ट्राफी, बेस्ट गार्डन आदि प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा घूम-घूम कर दर्शकों का मनोरंजन करने वाले बहरूपिए, हरियाणवी पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुति, फूड स्टॉल, मनोरंजक खेल समेत अन्य आकर्षक गतिविधियां भी आगुंतकों को लुभाएंगी।