सरकार गोधन संरक्षण और संवर्धन के लिए कृत संकल्पः सांसद डॉ. अरविंद शर्मा

कहा, प्रदेश की गौशालाओं को बनाया जा रहा आत्मनिर्भर।

सरकार गोधन संरक्षण और संवर्धन के लिए कृत संकल्पः सांसद डॉ. अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। लोकसभा सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गोधन के संरक्षण और संवर्धन के लिए कृतसंकल्प है। सांसद सोमवार को स्थानीय सिंचाई विश्राम गृह में सरकार की योजना के तहत विभिन्न गौशालाओं को गऊओं की सेवा के लिए वित्तीय सहायता के चेक प्रदान कर रहे थे।

डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार और गौ सेवा आयोग प्रभावी रूप से काम कर रहा है। गौ सेवा ऐसा कार्य है जिसमें समाज के सहयोग की भी जरूरत होती है, इसलिए समर्थ व सक्षम लोगों को मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के प्रति राज्य सरकार गंभीर है। पहली बार राज्य की गौशालाओं के बजट में अप्रत्याशित बढ़ोतरी की गई है। पहले गौशालाओं का 40 करोड़ रुपए बजट होता था, इस बार 400 करोड़ रुपए कर दिया गया है।

सांसद ने कहा कि गौ सेवा के लिए रोहतक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली गौशालाओं को 3 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है। इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का विशेष तौर पर आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने बताया कि हाल ही में बैंसी गौशाला को 8.62 लाख, मोखरा गौशाला को लगभग सवा पांच लाख, समर गोपालपुर गौशाला को 11 लाख, बोहर गौशाला को 1.87 लाख तथा पहरावर गौशाला को लगभग 12.37 लाख रुपए की राशि जारी की गई है।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का निर्माण करवा कर असंभव कार्य को संभव कर दिखाया है। राम मंदिर के बन जाने से लगभग 500 वर्ष पुराना मुद्दा सुलझ गया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की आस्था का इस बात से अनुमान लगाया जा सकता है कि वह पिछले कई दिनों से अनुष्ठान पर है। उन्होंने कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे विश्व में जोश व उत्साह का माहौल है।

सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीतने के बाद से ही जनता के बीच में रहती है। भाजपा का संगठन ही सेवा के नाम से जाना जाता है और सरकार का फोकस केवल विकास कार्यों पर रहता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से उन पात्र लोगों को घर द्वार पर सुविधाएं प्रदान की जा रही है जो सरकारी कार्यालय में जाने में असमर्थ हैं।

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व विभिन्न गौशालाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।