भाजपा शासन में हरियाणा घोटाला मुक्त और विकास युक्त हुआ: जेपी नड्डा

भाजपा शासन में हरियाणा घोटाला मुक्त और विकास युक्त हुआ: जेपी नड्डा

रोहतक में कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा, कांग्रेस के समय खास वर्ग की सरकार होती थी और खास लोगों को नौकरियां मिलती थी। 
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने वीरवार को रोहतक में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 10 साल पहले हरियाणा में जाति को जाति से लड़ाना, भाई भतीजावाद करना और परायों को पछाड़ने की राजनीति चलती थी, लेकिन आज रिपोर्ट कार्ड की राजनीति है। पीएम मोदी भी जहां जाते हैं अपना रिपोर्ट कार्ड रखते हैं। 

जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा शासन में हरियाणा की छवि मेरिट के आधार पर नौकरियां देने वाले प्रदेश की बनी है। 2014 से पहले हरियाणा में जमीन के घोटाले हुआ करते करते थे, आज हरियाणा घोटाला मुक्त और विकास युक्त हो गया है और विकास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भाजपा के दस साल के विकास कार्यों और उपलब्धियों को भी गिनाया। 

कार्यकर्ता सम्मेलन में नड्डा ने कार्यकर्ताओं से रोहतक से भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर को जिताने व कमल का परचम लहराने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर सहित अन्य नेता  मौजूद रहे। 

जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार केंद्र में हमने सरकार बनाई है और यही इच्छा लेकर चले हैं कि हरियाणा की जनता का आशीर्वाद मिले और तीसरी बार हरियाणा में कमल का परचम लहराए। उन्होंने कहा कि ये चुनाव सरकार बनाने का चुनाव नहीं, बल्कि हरियाणा के विकास की गति को चलाए रखने का चुनाव है, हरियाणा को विकास की पटरी पर बनाए रखने का चुनाव है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं के कंधो पर बड़ी जिम्मेदारी है। नड्डा ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर को जिताना भी इसलिए जरूरी है कि हरियाणा के विकास में कोई गतिरोध ना हो और विकास की गति बनी रहे। 

सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए नड्डा ने कहा कि उजाले को रखना हो तो अंधेरे की त्रासदी को हमेशा पहचानना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज युवा मतदाता 18 वर्ष का हुआ है, उन्हें 10 साल पहले के समय की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि आप लोग गांव-गांव, घर-घर जाएं और नव मतदाताओं को बताएं कि 2014 से पहले कांग्रेस शासन में गड्ढों में सड़कें होती थी, 20-20 घंटे गांवों में बिजली नहीं आती थी, खेतों तक पानी नहीं पहुंचता था, पर्ची और खर्ची से नौकरियां मिलती थी। युवाओं को यह भी बताएं कि पर्ची और खर्ची से नौकरियां देने वाले सजायाफ्ता हो गए। 

विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय एक खास वर्ग की सरकार होती थी। कुछ खास लोगों की नौकरियां लगती थी। प्रदेश की पहचान जमीन घोटाला करने वाले प्रदेश में रूप में होती थी। 2014 में भाजपा की सरकार बनी और हमने नॉन स्टॉप विकास के कार्य किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि आप लोग कड़ी मेहनत करें और प्रदेश में स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाएं।