नव वर्ष के उपलक्ष्य में एमडीयू में हवन व स्वागत-2024 कार्यक्रम आयोजित

नव वर्ष के उपलक्ष्य में एमडीयू में हवन व स्वागत-2024 कार्यक्रम आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी । नव वर्ष के उपलक्ष्य में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में हवन कार्यक्रम का आयोजन कर विश्वविद्यालय समुदाय, एवं समूचे प्रदेश तथा राष्ट्र के लिए मंगल कामनाएं की गई।

कुलपति प्रो राजबीर सिंह की अध्यक्षता में मदवि की मातुराम यज्ञशाला में आयोजित हवन कार्यक्रम में वैदिक परंपरा से यज्ञ हुआ। कुलपति प्रो राजबीर सिंह बतौर मुख्य यज्ञमान शामिल हुए। वैदिक विद्वान प्रो बलबीर आचार्य तथा प्रो सुरेन्द्र कुमार ने यज्ञ का संचालन किया। कुलसचिव प्रो गुलशन लाल तनेजा, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो ए एस मान, डीन स्टूडेंट वेल्फेयर प्रो रणदीप राणा समेत अन्य अधिकारी, प्राध्यापक, गैर शिक्षक कर्मी तथा विद्यार्थी यज्ञ में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चारण से समस्त मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।

तदुपरांत, मदवि सचिवालय परिसर में स्वागत-2024 कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अध्यक्षीय भाषण देते हुए कुलपति प्रो राजबीर सिंह ने नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रगति पथ पर नए मंजिल तय करे, इसके लिए विश्वविद्यालय के सभी वर्गों के अच्छे स्वास्थ्य तथा जीवन में खुशियों की कामना है।

कुलसचिव प्रो गुलशन लाल तनेजा ने भी कैलेंडर नव वर्ष की शुभकामनाएं प्रदान की और गीत सुनाकर उपस्थित जन को प्रेरित किया। नवनियुक्त डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो ए एस मान, पूर्व डीन प्रो सुरेन्द्र कुमार तथा एमडीयू शिक्षक संघ प्रधान डॉ विकास सिवाच ने भी इस कार्यक्रम में संबोधन किया। मंच संचालन बॉटनी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ सुरेन्द्र सिंह यादव ने किया। गैर शिक्षक कर्मचारी संघ प्रधान राजकुमार शर्मा तथा अन्य पदाधिकारी, मदवि के अधिकारी, प्राध्यापक, गैर शिक्षक कर्मी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।