पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा की मौजूदगी में पूर्व भाजपा विधायक रोहिता रेवड़ी ने थामा कांग्रेस का हाथ

कहा, बीजेपी ना जनता का सम्मान करती और ना ही पार्टी कार्यकर्ताओं का।

पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा की मौजूदगी में पूर्व भाजपा विधायक रोहिता रेवड़ी ने थामा कांग्रेस का हाथ

रोहतक, गिरीश सैनी। लोकसभा चुनावों से बिल्कुल पहले हरियाणा कांग्रेस के कुनबे में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। इसी कड़ी में पानीपत से पूर्व विधायक रोहिता रेवड़ी ने भाजपा को टाटा कहते हुए मंगलवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान के नेतृत्व में वे कांग्रेस में शामिल हो गई। दोनों दिग्गज नेताओं ने उनका कांग्रेस में स्वागत करेत हुए पूरे मान-सम्मान का भरोसा दिलाया।

इस दौरान रोहिता रेवड़ी ने कहा कि बीजेपी में ना आम जनता को सम्मान मिलता है और न ही ये पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्मान देती है। भाजपा पूरी तरह से जात-पात की राजनीति में लिप्त है इसलिए वो पार्टी के भीतर खुद को असहज महसूस कर रही थीं। लोगों को बांटने वाली राजनीति से दूरी बनाते हुए उन्होंने बीजेपी छोड़ने का फैसला लिया है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को जनता का भरपूर साथ और समर्थन प्राप्त हो रहा है। भाजपा सहित अन्य दलों को छोड़कर 40 से ज्यादा सांसद, पूर्व सांसद, विधायक व पूर्व विधायक कांग्रेस के साथ आ चुके हैं। सभी ने एकजुट होकर इस जन विरोधी सरकार को हराने का फैसला लिया है। जो भी नेता संघर्ष के समय में कांग्रेस का साथ आ रहे हैं, पार्टी उनका आभार व्यक्त करती है। उनके आने से निश्चित ही हरियाणा में कांग्रेस को और मजबूती प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि इस बार देश व प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।