चुनाव तिथि बढ़ाने से नहीं पड़ेगा फर्क, कांग्रेस पूरी तरह तैयारः विधायक बी बी बतरा

बूथ लेवल बैठक में भाजपा पर जमकर बरसे विधायक।

चुनाव तिथि बढ़ाने से नहीं पड़ेगा फर्क, कांग्रेस पूरी तरह तैयारः विधायक बी बी बतरा

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय विधायक भारत भूषण बतरा ने विधानसभा चुनाव की तारीख बढ़ाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल मजबूत है और चुनाव की तिथि आगे बढ़ने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। हरियाणा की जनता अपना मन बना चुकी है और इस चुनाव में भाजपा की विदाई तय है।

शहर के प्रेम नगर, कैलाश कॉलोनी, आनंद नगर, उत्तम विहार, आजादगढ़, विकास नगर, किशनपुरा, चांद नगर, दुर्गा कॉलोनी आदि क्षेत्रों के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक को  संबोधित करते हुए विधायक बतरा ने कहा कि भाजपा से भ्रष्ट सरकार उन्होंने अपने जीवन में कभी नहीं देखी। पूरे 10 साल इस सरकार ने जनता को पोर्टल और परिवार पहचान पत्र के जंजाल में फंसा बुरी तरह रुलाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आते ही यह सारी व्यवस्था समाप्त होगी। सेल्फ सर्टिफिकेशन का नियम बनाया जाएगा, जिसे कोई चैलेंज नहीं कर सकेगा।

बतरा ने कहा कि सरकारों का काम जनता को राहत देना होता है, विकास कार्य करना होता है। सरकार का काम आम जनता के लिए मुश्किलें खड़ी करना नहीं होता। भाजपा पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा में समाज को बांटने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन जनता अब भाजपा के असली चेहरे को पहचान चुकी है। विधायक बतरा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर पार्टी की नीतियों तथा रोहतक के लिए बनाए गए संकल्प पत्र को जनता के बीच लेकर जाएं।