हर घर तिरंगा कार्यक्रम के माध्यम से दी जा रही देश के इतिहास की जानकारी: पूर्व मंत्री ग्रोवर

हर घर तिरंगा मिशन के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

हर घर तिरंगा कार्यक्रम के माध्यम से दी जा रही देश के इतिहास की जानकारी: पूर्व मंत्री ग्रोवर

रोहतक, गिरीश सैनी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में युवाओं को देश के इतिहास के बारे में जागरूक करने के लिए तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी कड़ी में पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेश कुमार तथा पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल ने जिला विकास भवन परिसर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया तथा सभी ने इस यात्रा में स्वयं भाग भी लिया। 

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों की कुर्बानियों से ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने सभी शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आज सेना के जवान सीमा पर आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। हरियाणा से भारतीय सेना में लगभग 11 प्रतिशत जवान देश की सुरक्षा में दिन-रात लगे हुए हैं। उन्होंने ऐसे वीर जवानों की माताओं को भी नमन किया जिन्होंने अपने लाडलों को देश सेवा के लिए भेजा है। मनीष ग्रोवर ने कहा कि युवाओं को देश के इतिहास के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष में सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, महात्मा गांधी, रानी लक्ष्मीबाई इत्यादि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने भी देश को संविधान के रूप में विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान दिया। 

देश प्रेम व राष्ट्रभक्ति का संदेश देती तिरंगा यात्रा: एडीसी वैशाली सिंह
अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा देशप्रेम व राष्ट्रभक्ति का संदेश देती है। असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों व वीर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर देश को आजादी दिलवाई, जिनके हम हमेशा ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं से भेदभाव, अत्याचार से छुटकारा दिलवाया गया है। उन्होंने कहा कि जिला में लिंगानुपात में सुधार दर्ज़ करवाने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के अलावा सभी महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। अपने आस-पास कन्या भू्रण हत्या की सूचना मिलते ही तुरंत जिला प्रशासन को सूचित करें। जिला प्रशासन द्वारा ऐसी सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान गुप्त रखी जाएगी तथा उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा। 
    
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी कुमारी दीपिका सैनी, महिला संरक्षण अधिकारी करमिन्द्र कौर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। 

स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष में जिला के सभी गांवों में हर तिरंगा मिशन के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में सरपंच, पंच, ग्राम सचिव के अलावा आंगनवाड़ी सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी वर्कर, राष्ट्रीय आजीविका मिशन के सदस्यों सहित ग्रामीणों ने भाग लिया। यात्रा में शामिल सभी लोगों ने अपने हाथों में तिरंगा ले रखा था। तिरंगा यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई संबंधित गांवों के शिलाफल्कम पर समाप्त हुई, जहां पर शहीदों को नमन किया गया। /11/08/2024