इनर व्हील क्लब ब्लूमिंगडेल ने चलाया जीरो वेस्ट जागरूकता अभियान

इनर व्हील क्लब ब्लूमिंगडेल ने चलाया जीरो वेस्ट जागरूकता अभियान

रोहतक, गिरीश सैनी। जिंदगी में हमें चीजों की अहमियत करनी चाहिए। चीजों की अहमियत करके ही हम सृष्टि को संवारने में अपना योगदान दे सकते हैं। यह कहना है इनर व्हील क्लब रोहतक ब्लूमिंगडेल की प्रधान प्रीति बंसल का।

क्लब द्वारा चलाई गई जीरो वेस्ट जागरूकता अभियान की मुहिम के दौरान उन्होंने बताया कि हमें अपने जीवन को जीरो वेस्ट बनाने की दिशा में पहल करनी चाहिए। इस दिशा में पहला कदम यह होना चाहिए कि कोई भी चीज खरीदने से पहले हम सोचें कि क्या हमें वास्तव में इसकी जरूरत है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि क्या कोई प्लास्टिक का खिलौना वास्तव में बच्चे के विकास में मदद करता है? नित नए खरीदे जाने वाले जूते, कपड़ों की क्या सच में हमें जरूरत है या वो सिर्फ हमारी अलमारी की शोभा बढ़ाने के लिए हैं। उन्होंने कहा कि एक ग्राहक के रूप में हम बुद्धिमता दिखाकर भी प्लास्टिक वेस्ट को कम कर सकते हैं।

कल्ब एडीटर ज्योति बंसल ने बताया कि इस जागरूकता अभियान के दौरान क्लब के सदस्यों ने स्लम एरिया में जा कर जरूरतमंदों को कपड़े एवं अन्य आवश्यकता का सामान वितरित किया। क्लब पदाधिकारियों ने प्लास्टिक वेस्ट न करने, पॉलिथीन इस्तेमाल न करने और कपड़े अथवा जूट के बैग प्रयोग करने की शपथ ली।

इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष प्रीति बंसल, एडीटर ज्योति बंसल, सिल्की बंसल, दिव्या मलिक, स्वाति जुनेजा, पूजा बंसल, कृतिका, साक्षी बंसल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।